मक्का का घरेलू उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की उम्मीद

11-Mar-2026 06:04 PM

नई दिल्ली। खरीफ एवं रबी सीजन के दौरान बिजाई क्षेत्र में वृद्धि होने तथा मौसम की स्थिति अनुकूल रहने से इस बार मक्का का घरेलू उत्पादन तेजी से बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है।

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा जारी दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार 2025-26 के खरीफ एवं रबी सीजन में मक्का का उत्पादन बढ़कर 461.49 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने की संभावना है जो 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के उत्पादन 434.09 लाख टन से 27.40 लाख टन ज्यादा है।

इसके तहत खरीफ सीजन का उत्पादन 248.08 लाख टन से उछलकर 302.47 लाख टन तथा रबी सीजन का उत्पादन 147.53 लाख टन से बढ़कर 159.03 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद व्यक्त की गई है।

उल्लेखनीय है कि 2024-25 के कुल उत्पादन में 38.47 लाख टन मक्का की वह मात्रा भी शामिल है जिसकी पैदावार जायद उत्पादन को शामिल नहीं किया गया है क्योंकि अभी इसकी बिजाई चल रही है।

यदि जायद फसल का आंकड़ा 40 लाख टन मान लिया जाए तो देश में पहली बार मक्का का सकल वार्षिक उत्पादन बढ़कर 500 लाख टन से ऊपर पहुंच सकता है।

मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य गत वर्ष के 2225 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 2025-26 के सीजन में 2400 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है

लेकिन थोक मंडी भाव इससे नीचे चल रहा है। रिकॉर्ड उत्पादन के कारण विभिन्न खपतकर्ता उद्योगों को पर्याप्त मात्रा में इस बार नियमित रूप से मक्का का स्टॉक प्राप्त होता रहेगा।