मजबूत मांग एवं जटिल आपूर्ति से तुवर का भाव सुधरने के संकेत

26-Aug-2026 08:11 PM

मुम्बई। निकट भविष्य में अरहर (तुवर) का भाव आमतौर पर मजबूत रहने और कभी-कभार कुछ तेज होने की संभावना है। तुवर की मांग सुधरने लगी है जबकि आपूर्ति की स्थिति जटिल बनी हुई है। एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन के अनुसार घरेलू प्रभाग में तुवर की आपूर्ति कम हो रही है। चेन्नई बंदरगाह पर इसका सीमित स्टॉक बचा हुआ है। म्यांमार से आयात कम हो रहा है।

22 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान म्यांमार तथा अफ्रीका से आयातित तुवर का भाव मजबूत देखा गया जिससे स्वदेशी माल का दाम भी कुछ बढ़ गया। प्रचलित मूल्य पर दाल मिलों द्वारा अच्छी मात्रा में तुवर की खरीद की गई जिससे कीमतों को समर्थन मिला। चुनिंदा बाजारों में तुवर दाल की मांग में सुधार आने के आरम्भिक संकेत मिलने लगे हैं।

म्यांमार से तुवर का निर्यात कम हो रहा है। चेन्नई तथा दिल्ली में बर्मा लेमन तुवर का भाव मजबूत देखा गया। घरेलू मंडियों में इसकी सीमित मात्रा की बिक्री की जा रही है दाल मिलर्स फिलहाल अफ्रीकी तुवर एवं लेमन तुवर की खरीद में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। 

अफ्रीकी देशों में तुवर की नई फसल की कटाई-तैयारी का सीजन आरंभ हो गया है मगर वहां से इसकी आपूर्ति के प्रति कुछ चिंता बनी हुई है। इधर भारत में महाराष्ट्र तथा दक्षिणी राज्यों में बारिश कम होने से तुवर की फसल पर खतरा बना हुआ है। वैसे कुल मिलाकर इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से आगे निकल गया है।