लौंग की कीमतों में तेजी : अभी मंदे की संभावना नहीं
26-Aug-2026 06:52 PM
नई दिल्ली। विगत कुछ समय से लौंग के भावों में तेजी का दौर बना हुआ है और वर्तमान स्थिति को देखते हुए अभी हाल-फिलहाल मंदे की संभावना नहीं है। सूत्रों का कहना है कि गत वर्ष 2025-26 के दौरान आयात कम होने एवं चालू सीजन के दौरान भी आयात कम रहने से हाजिर में माल की सप्लाई कमजोर बनी हुई है हालांकि वर्तमान में लौंग की लिवाली सीमित है लेकिन वर्तमान में जो स्टॉक है वह मजबूत हाथों में है और स्टॉकिस्ट मनमाने ढंग से भाव बढ़ाकर बोल रहे है। उल्लेखनीय है कि चालू माह के शुरू में दिल्ली बाजार में लौंग मेडागास्कर का भाव 770/780 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा था जोकि वर्तमान में बढ़कर 960/980 रुपए पर बोला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि देश में लौंग का घरेलू उत्पादन खपत की तुलना में 20/25 प्रतिशत होता है बाकी 75/80 प्रतिशत खपत के लिए लौंग का आयात मेडागास्कर, इंडोनेशिया, श्रीलंका, जंजीवार से आयात किया जाता है। सूत्रों का कहना है कि प्रतिकूल मौसम के चलते मेडागास्कर में लौंग का उत्पादन 30/40 प्रतिशत कम रहने के समाचार मिल रहे हैं। वर्तमान में मेडागास्कर की नई फसल का आयात व्यापार हो रहा है। पैदावार में कमी आने के कारण मेडागास्कर में लौंग का भाव बढ़कर 7800/7900 डॉलर प्रति टन हो गया है। जोकि एक सप्ताह पूर्व 7400/7500 डॉलर प्रति टन चल रहा था इसके अलावा कंटेनर भाड़े में भी वृद्धि होने के कारण आयात महंगा पड़ रहा है। मेडागास्कर के अलावा इंडोनेशिया में भी फसल कम हुई है। वर्तमान में लौंग शॉर्टेज की जिंस बनी हुई है जिस कारण आगामी दिनों में भावों में ओर तेजी संभव है।
आयात
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024-25 के दौरान लौंग का रिकॉर्ड आयात होने के कारण गत दो वर्षों में व्यापारियों को लौंग व्यापार में कोई विशेष लाभ नहीं हो रहा है। जिस कारण से वर्ष 2025-26 के दौरान आयातकों ने लौंग का आयात कम किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2024-25 के दौरान लौंग का आयात 34921 टन का किया गया था जोकि वर्ष 2025-26 में घटकर 28001 टन का रह गया। वर्ष 2021-22 में आयात 22511 टन एवं वर्ष 2022-23 में 17986 टन का आयात हुआ था। वर्ष 2023-24 में आयात 23689 टन का रहा था।
