महाराष्ट्र और कर्नाटक में तुवर की पैदावार काफी घटने की आशंका

11-Mar-2026 11:21 AM

नई दिल्ली। हालांकि 2025-26 के खरीफ सीजन के दौरान तुवर के दोनों शीर्ष उत्पादक राज्यों -महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में बिजाई क्षेत्र लगभग सामान्य रहा था लेकिन विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए जबरदस्त नुकसान के कारण इसकी पैदावार में भारी गिरावट आने की आशंका है। इसके आलावा कुछ अन्य राज्यों में भी फसल कामचोर रही है। दूसरी ओर गुजरात, उत्तरप्रदेश एवं उड़ीसा जैसे राज्यों में अरहर (तुवर) के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। 

केंद्रीय कृषि मंत्रालय के दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार राष्ट्रिय स्तर पर तुवर का उत्पादन 2024-25 सीजन के 36.24 लाख टन से 1.69 लाख टन घटकर 2025-26 के मौजूदा सीजन में 34.55 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना है। इसके तहत तुवर का उत्पादन महाराष्ट्र में 14.23 लाख टन से लुढ़ककर 11.31 लाख टन,कर्नाटक में 9.98 लाख टन से घटकर 7.32 लाख टन, झारखंड में 2.55 लाख टन से गिरकर 1.71 लाख टन तथा तेलंगाना में 2.01 लाख टन से गिरकर 1.54 लाख टन रह जाने की संभावना है। दूसरी ओर इसका उत्पादन गुजरात में 2.01 लाख टन से उछलकर 3.89 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 1.15 लाख टन से बढ़कर 2.86 लाख टन तथा उड़ीसा में 25 हजार टन से बढ़कर 1.69 लाख टन पर पहुंच जाने के आसार है।