महाराष्ट्र में चीनी का उत्पादन करीब 5 लाख टन बढ़कर 110 लाख टन से ऊपर पहुंचा

24-May-2024 06:07 PM

पुणे । महाराष्ट्र में 2023-24 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान चीनी का कुल उत्पादन बढ़कर 110.20 लाख टन की ऊंचाई पर पहुंच गया जो 2022-23 सीजन के सकल उत्पादन से करीब 4.90 लाख टन ज्यादा है।

कोल्हापुर संभाग में सबसे ज्यादा 28.10 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ जहां 40 मिलें अवस्थित हैं। हालांकि सोलापुर डिवीजन में सबसे ज्यादा 50 इकाइयां हैं अगर वहां चीनी का उत्पादन कोल्हापुर संभाग से कम हुआ। 

महाराष्ट्र में 2022-23 सीजन के दौरान कुल 1053.30 लाख टन गन्ना की क्रशिंग हुई थी जो 2023-24 सीजन में बढ़कर 1073.08 लाख टन पर पहुंच गई। इसी तरह गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर भी 9.88 प्रतिशत से सुधरकर 10.27 प्रतिशत हो गई। 

महाराष्ट्र में 2023-24 सीजन के दौरान कुल 207 चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग शुरू हुई जिसमें प्राइवेट क्षेत्र की 104 एवं सहकारी क्षेत्र की 103 इकाइयां शामिल हैं।

इस 207 इकाइयों में से 59 मिलें मराठवाड़ा एवं विदर्भ संभाग में अवस्थित है। राज्य में गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन की प्रक्रिया लगभग समाप्त हो चुकी है और बेहतर उत्पादन से चीनी मिलों के पास स्टॉक ऊंचा हो गया है।

नवम्बर में जब गन्ना की क्रशिंग आरंभ हुई थी तब परिस्थितियां चनौतीपूर्ण थीं और राज्य में 85-90 लाख टन के बीच चीनी का उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन अक्टूबर 2023 की बेमौसमी वर्षा से गन्ना की फसल को काफी फायदा हुआ और चीनी का उत्पादन 2022-23 सीजन से आगे बढ़ते हुए 110 लाख टन से ऊपर पहुंच गया।