महाराष्ट्र में अगले सीजन के दौरान चीनी का उत्पादन घटने की आशंका

12-Mar-2026 03:54 PM

पुणे। हालांकि 2025-26 के वर्तमान सीजन के दौरान महाराष्ट्र में चीनी का बेहतर उत्पादन हुआ है लेकिन 2026-27 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में उद्योग का प्रदर्शन निराशाजनक रहने की संभावना है।

महाराष्ट्र के सहकारिता मंत्री का कहना है कि आगामी खरीफ सीजन के दौरान राज्य के अधिकांश भाग में सूखे जैसी स्थिति रह सकती है। इससे गन्ना की फसल काफी हद तक प्रभावित होने की आशंका है।

गन्ना के अभाव में राज्य की अनेक चीनी मिलों को चालू करना कठिन हो जाएगा। चीनी मिलों का वित्तीय संकट भी बढ़ सकता है। 

2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान महाराष्ट्र में कुल 210 चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग हुई जिसमें सहकारी क्षेत्र की 103 एवं प्राइवेट क्षेत्र की 107 इकाइयां शामिल है।

सहकारिता मंत्री के अनुसार एक तरफ पिछले छह वर्षों से गन्ना के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है

तो दूसरी ओर चीनी का एक्स फैक्टरी न्यूनतम बिक्री मूल्य वर्ष 2019 से ही 3100 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर बना हुआ है। इसे चीनी मिलों की कठिनाई काफी बढ़ गई है। इस वर्ष देश में अल नीनो का प्रकोप भी रहने की आशंका है।