मंडियों में आवक बढ़ने से धनिया में फिलहाल भारी तेजी की संभावना कम
09-Oct-2023 03:12 PM
नई दिल्ली । बिजाई का समय नजदीक आने तथा त्यौहारी मांग का फायदा उठाने के लिए बड़े-बड़े उत्पादकों एवं स्टॉकिस्टों ने धनिया की बिकवाली बढ़ानी शुरू कर दी है। तीनों प्रमुख उत्पादक प्रांतों- राजस्थान, गुजरात एवं मध्य प्रदेश की मंडियों में पिछले दिन धनिया की आपूर्ति में बढ़ोत्तरी दर्ज को गई। इससे कीमतों पर दबाव पड़ने लगा।
समझा जाता है कि उत्पादकों के पास धनिया का अभी अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है इसलिए मंडियों में इसकी व्यापारिक गतिविधियां कुछ सुस्त पड़ गई हैं। यदि हालात ऐसे रहे तो धनिया की कीमतों में तेजी आने की संभावना निकट भविष्य में क्षीण पड़ सकती है।
उत्पादक मंडियों में धनिया का भाव पिछले दिनों 100-200 रुपए मन्दा हुआ था। ध्यान देने की बात है कि उत्पादक प्रांतों में अक्टूबर के अंत या नवम्बर की शुरुआत में धनिया की बिजाई आरंभ होने वाली है।
राजस्थान में धनिया की आवक घटती-बढ़ती रहती है। वहां बारां मंडी में पिछले दिन 1000 बोरी एवं रामगंज मंडी में 3500 बोरी धनिया की आवक दर्ज की गई। शुरुआती बढ़त के बाद अब गुजरात एवं मध्य प्रदेश की मंडियों में भी आपूर्ति की गति कुछ धीमी पड़ने लगी है क्योंकि घटते बाजार को देखते हुए उत्पादक एवं स्टॉकिस्ट अपने माल की बिक्री करने में सतर्कता दिखा सकते हैं।
