लम्बी स्थिरता के बाद कनाडाई लाल मसूर के दाम में कुछ सुधार
28-Mar-2024 04:36 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा में लाल मसूर का भाव लम्बे समय से 30-32 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ था लेकिन चालू सप्ताह के दौरान इसमें कुछ सुधार दर्ज किया गया। इसके तहत खासकर आगामी नई फसल के लिए होने वाले अग्रिम अनुबंध का दाम कुछ मजबूर हुआ है लाल मसूर का मूल्य 33 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है जो 10 बुशेल प्रति एकड़ पर आधारित है। कुछ किसान एफओबी फ़ार्म आधार पर भी लाल मसूर का करार कर रहे हैं। अगले महीने से कनाडा में मसूर की बिजाई आरम्भ होने वाली है। 2023 में उत्पादन कम होने से कनाडा में अब मसूर का सीमित स्टॉक रह गया है जबकि इसका निर्यात भी धीमा पड़ता जा रहा है। सीजन के अंत में अधिशेष स्टॉक कम रहने की सम्भावना है। भारत, तुर्की एवं संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश इसकी खरीद कर रहे हैं। अगली नई फसल अगस्त-सितम्बर में आएगी। लाल मसूर के मुकाबले मोटी हरी मसूर का भाव दोगुने से ज्यादा ऊपर चल रहा है और इसमें किसानों को आकर्षक आमदनी भी प्राप्त हो रही जिससे इसके बिजाई क्षेत्र में इजाफा होने की उम्मीद है। हाजिर में लाल मसूर का भाव 33-34 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है जबकि नम्बर 2 ग्रेड की मोटी हरी मसूर का दाम 81-82 सेंट प्रति पौंड एवं नम्बर 1 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का भाव 80 सेंट प्रति पौंड के शीर्ष स्तर पर पहले ही पहुंच चुका है। आगामी नई फसल के लिए मोटी हरी मसूर का दाम 54 सेंट तक बोला जा रहा है मगर सौदे 50 सेंट प्रति पौंड पर ज्यादा हो रहे हैं।
