Home News

खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता घटाने की सख्त आवश्यकता

25-Nov-2026 05:14 PM

खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता घटाने की सख्त आवश्यकता

मुम्बई। भारत ने केवल दुनिया में खाद्य तेलों का सबसे बड़ा आयातक देश बना हुआ है बल्कि यहां इसका आयात बढ़कर नए-नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचता भी जा रहा है। इस पर अत्यन्त विशाल धन राशि खर्च हो रही है जिससे राजकोष पर भारी दबाव पड़ रहा है। खाद्य तेलों के आयात पर भारत की निर्भरता 55-60 प्रतिशत तक पहले ही पहुंच चुकी है। 

एक अग्रणी उद्योग संस्था- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने खाद्य तेल- तिलहन के उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए इसके लिए कुछ उपायों का सुझाव भी दिया है। केन्द्र सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सक्षम रखा है। एसोसिएशन का कहना है कि यदि इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करना है तो खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता समाप्त करना जरुरी है। 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में इसका आयात बढ़कर 169 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया।  

एसोसिएशन के अनुसार भारत में तिलहन फसलों की खेती तो विशाल क्षेत्रफल में होती है मगर प्रति इकाई औसत उपज दर बहुत पीछे रहने से अपेक्षित उत्पादन प्राप्त नहीं हो पाता है। तिलहन उत्पादन में प्रत्येक साल 3.24 प्रतिशत का इजाफा हो जाए तो वर्ष 2047 तक सकल उत्पादन बढ़कर 867 लाख टन पर पहुंच सकता है जिससे 225 लाख टन तक खाद्य तेल की प्राप्ति हो सकती है।

इसी तरह उत्पादन में 5 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि होने पर अगले 20 साल में तिलहनों का सकल उत्पादन उछलकर 1257 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच सकता है जो 327 लाख टन खाद्य तेल के समतुल्य होगा। 

एसोसिएशन के मुताबिक इस लक्ष्य को प्राप्त करना अत्यंत कठिन अवश्य है लेकिन असंभव नहीं है। इसे हासिल करने के लिए ठोस एवं व्यावहारिक कदम उठाने की जरूरत है। खाद्य तेलों की घरेलू मांग एवं खपत नियमित रूप से बढ़ती जा रही है जो वर्ष 2047 तक उछलकर 439 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है। इससे आयात पर निर्भरता और बढ़ सकती है।