खरीफ सीजन के लिए बीजों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने का दावा
02-Apr-2026 03:56 PM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने कहा है कि आगामी खरीफ सीजन में खेती के लिए देश में विभिन्न फसलों के बीज का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उर्वरकों का स्टॉक भी सुविधाजनक स्तर पर है इसलिए किसानों को घबराने या चिंतित होने की जरूरत नहीं है। इसके साथ-साथ सरकार घरेलू उत्पादन तथा आयात में वृद्धि के जरिए उर्वरकों का स्टॉक बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव ने कहा है कि आगामी खरीफ सीजन में करीब 166.50 लाख टन बीज की मांग रहेगी जिसके मुकाबले देश में लगभग 185.70 लाख टन का स्टॉक मौजूद है। वस्तुतः धान सोयाबीन, मूंगफली, मक्का दलहन जैसी प्रमुख फसलों के बीज का अधिशेष (जरूरत से ज्यादा) स्टॉक उपलब्ध है। इतना ही नहीं बल्कि अगले रबी सीजन के लिए भी बीजों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद रहने की उम्मीद है।
मक्का बीज को सूखाने के लिए सरकार प्राकृतिक गैस के समुचित आवंटन को प्राथमिकता दे रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार देश में 180 लाख टन उर्वरक का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद है जबकि खरीफ सीजन में इसकी कुल मांग 390.50 लाख टन होने की संभावना है।
प्रचलित नियम के अनुसार किसी भी सीजन की कुल संभावित मांग के कम से कम एक-तिहाई उर्वरक का स्टॉक मौजूद रहना चाहिए जबकि वर्तमान स्टॉक उससे ज्यादा है। सरकार उर्वरक की जमाखोरी, कालाबाजारी एवं गैर कृषि कार्यों में उपयोग को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है। विदेशों में आयात बढ़ाया जा रहा है।
