केंद्र द्वारा तेलंगाना में 1.25 लाख टन रबी फसलों की खरीद को मंजूरी
12-Mar-2026 10:56 AM
हैदराबाद। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने 2026 के रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान दक्षिणी राज्य तेलंगाना में 1.25 लाख टन से अधिक दलहनों एवं तिलहनों की खरीद की स्वीकृति प्रदान कर दी है। किसानों से इस दलहन-तिलहन की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाएगी।
केंद्र सरकार ने एमएसपी पर जिन फसलों की खरीद करने की स्वीकृति दी है इसमें 29,860 टन चना, 37,020 टन उड़द, 55,285 टन मूंगफली तथा 3680 टन सूरजमुखी शामिल है। एमएसपी के आधार पर इन दलहनों-तिलहनों का कुल मूल्य 894 करोड़ रुपए से ऊपर बैठता है। कृषि मंत्रालय द्वारा इस धनराशी का आवंटन किया जाएगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री का कहना है कि सरकार का इरादा बाजार भाव में उतार-चढ़ाव के असर से किसानों को बचाने का है ताकि उन्हें अपने कठिन परिश्रम का सही मूल्य प्राप्त हो सके। उनका कहना है कि तेलंगाना में दी गयी स्वीकृति से न केवल राज्य के दलहन-तिलहन उत्पादकों को लाभकारी मूल्य प्राप्त होगा बल्कि उन्हें इन फसलों का उत्पादन बढ़ाने का प्रोत्साहन भी मिलेगा। किसानों को राहत तथा आर्थिक सुरक्षा हासिल होगी और उन्हें खुले बाजार में औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि तेलंगाना में रबी सीजन के दौरान चना, उड़द, सूरजमुखी एवं मूंगफली आदि की अच्छी खेती होती है और इस बार फसल की हालत सामान्य देखी जा रही है।
