किशमिश की आवक शुरू : कीमतों में मंदा
12-Mar-2026 07:42 PM
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्य महाराष्ट्र की मंडियों में नए किशमिश की आवक शुरू हो गई है। नए मालों की आवक शुरू हो जाने के कारण कीमतों में लगातार मंदा दर्ज किया जा रहा है। विगत एक माह के दौरान किशमिश के दामों में लगभग 90/100 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में सांगली, तासगांव मंडी में नए किशमिश का भाव 310/330 रुपए प्रति किलो पर आ गया है जबकि फरवरी माह के शुरू में भाव 400/420 रुपए चल रहा था। आई ग्रेन इंडिया ने अपने 13 फरवरी के अंक में लिखा भी था कि इस वर्ष पैदावार में वृद्धि होने के अनुमानों के चलते मार्च-अप्रैल माह में मंडियों में किशमिश के भाव 300/325 रुपए बन जाने चाहिए। वर्तमान में तासगांव एवं सांगली मंडी में किशमिश की आवक 40 मोटर के आसपास चल रही है। आगामी दिनों में आवक में वृद्धि होने के पश्चात अभी कीमतों में ओर गिरावट संभव है। सूत्रों का कहना है कि विदेशों में हालात अच्छे नहीं होने के कारण इस वर्ष अंगूर का निर्यात भी प्रभावित होगा। जिस कारण किशमिश उत्पादन पूर्वानुमानों की तुलना में ओर वृद्धि संभव है।
उत्पादन अनुमान
व्यापारियों से मिली जानकारी के अनुसार चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में किशमिश का उत्पादन 17/18 हजार गाड़ी (प्रत्येक गाड़ी 10 टन) होने के अनुमान लगाए जा रहे है जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन 15/16 हजार गाड़ी एवं वर्ष 2024 में 18/20 हजार गाड़ी का रहा था। वर्ष 2023 में उत्पादन 22/24 हजार गाड़ी माना गया था।
बनेंगे रिकॉर्ड भाव
गत सीजन में पैदावार में कमी आने के कारण किशमिश की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई थी। और मंडियों में 450/460 रुपए का रिकॉर्ड भाव आ गया था। उल्लेखनीय है कि फरवरी- 2025 में नई फसल की आवक के समय मंडियों में किशमिश के भाव 210/220 रुपए प्रति किलो चल रहे थे। जबकि वर्तमान में भाव घटकर 310/330 रुपए पर आ गए है।
तेजी नहीं
व्यापारियों का कहना है कि किशमिश की वर्तमान कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में नए मालों की आवक बढ़ने पर कीमतों में मन्दा संभव है। सूत्रों का कहना है कि नए मालों की आवक बढ़ने पर अप्रैल में मंडियों में किशमिश के भाव 280/300 रुपए बनने के पूर्वानुमान लगाए जा रहे हैं। बशर्तें आगामी दिनों में मौसम फसल के अनुकूल रहे।
निर्यात प्रभावित
चालू सीजन के दौरान कीमतों में रिकॉर्ड तेजी आने के कारण किशमिश का निर्यात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर- 2025 के दौरान केवल 6309 टन किशमिश का निर्यात होने के समाचार है। जबकि वर्ष 2024-25 (अप्रैल-मार्च) के दौरान निर्यात 46738 टन का रहा था। वर्ष 2023-24 में निर्यात 47750 टन का हुआ था।
