कर्नाटक में एमएसपी पर 9023 टन सूरजमुखी की खरीद होगी

06-May-2026 11:09 AM

बंगलोर। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने कर्नाटक सरकार के एक प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए राज्य में रबी 2026 के लिए मूल्य समर्थन योजना के तहत किसानों से 9,023 टन सूरजमुखी की खरीद की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इससे किसानों को राहत मिलेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इस 9,023 टन सूरजमुखी की कुल कीमत 69.66 करोड़ रुपए से ज्यादा बैठती है। केन्द्र की इस मंजूरी के बाद कर्नाटक के किसानों को अब खुले बाजार में औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश होना पड़ेगा।

कृषि मंत्रालय ने महाराष्ट्र के चना उत्पादकों को भी राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा की है। वहां एमएसपी पर न केवल चना की खरीद का लक्ष्य बढ़ाया गया है बल्कि इसकी समय सीमा में भी 30 दिनों का इजाफा कर दिया गया है।

नए निर्णय के अंतर्गत अब महाराष्ट्र में किसानों से एमएसपी पर 8,19,882 टन चना खरीदा जा सकेगा और यह खरीद 29 मई 2026 तक जारी रहेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर इस 8,19,882 टन चना की कुल कीमत 4816.80 करोड़ रुपए से अधिक बैठती है। महाराष्ट की अनेक मंडियों में चना का भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (5875 रुपए प्रति क्विंटल) से नीचे आ गया है जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।