कनाडा से मार्च में दलहनों के निर्यात में वृद्धि

06-May-2026 11:55 AM

ओटावा। कनाडा की सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन के आंकड़ों से ज्ञात होता है कि फरवरी की तुलना में मार्च 2026 के दौरान देश से तीनों प्रमुख दलहनों- मटर, मसूर एवं काबुली चना के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कनाडा से फरवरी में 1,89,365 टन मटर का निर्यात हुआ था जो मार्च में उछलकर 3,41,067 टन पर पहुंच गया। इसके साथ ही चालू मार्केटिंग सीजन के आरंभिक आठ महीनों में यानी अगस्त 2025 से मार्च 2026 के दौरान कनाडा से मटर का कुल निर्यात बढ़कर 18,53,042 टन पर पहुंच गया जो 2024-25 सीजन की समान अवधि के शिपमेंट 17,82,417 टन से अधिक था। मार्च 2026 के दौरान कनाडा से चीन को 1,54,087 टन, बांग्ला देश को 67,842 टन तथा भारत को 62,160 टन मटर का निर्यात किया गया। 

जहां तक मसूर का सवाल है तो कनाडा से इसका निर्यात फरवरी के 1,85,675 टन से बढ़कर मार्च से 2,52,051 टन पर पहुंच गया। इसी तरह मसूर का शिपमेंट अगस्त 2024- मार्च 2025 के 15,21,506 टन से बढ़कर अगस्त 2025- मार्च- 2026 में 16,28,555 टन पर पहुंच गया। मार्च 2026 में कनाडा से भारत को सर्वाधिक 1,27,865 टन मसूर का निर्यात हुआ जबकि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 39533 टन तथा मिस्र को 19,821 टन मसूर का शिपमेंट किया गया। 

इस अवधि में काबुली चना का निर्यात प्रदर्शन भी बेहतर रहा। स्टैट्स कैन की रिपोर्ट के अनुसार कनाडा से काबुली चना का निर्यात फरवरी के 24,055 टन से सुधरकर मार्च में 27,924 टन पर पहुंचा। इसी तरह मार्केटिंग सीजन के आरंभिक आठ महीनों में भी इसका शिपमेंट 1,34,968 टन से बढ़कर 1,67,654 टन पर पहुंच गया। मार्च में कनाडा से पाकिस्तान को 11,921 टन, अमरीका को 5054 टन तथा इटली को 1950 टन काबुली चना का निर्यात किया गया। कनाडा में अब दलहन फसलों की बिजाई हो रही है।