क्रूड पाम तेल का भाव मजबूत रहने की संभावना

30-Jun-2026 04:30 PM

बांगी। मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) ने चालू वर्ष के दौरान क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का औसत मूल्य 4000-4300 रिंगिट प्रति टन के बीच मजबूत रहने का अनुमान लगाया है। उसका कहना है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण पेट्रोलियम के वैश्विक बाजार मूल्य में आने वाले उतार-चढ़ाव का सहारा पाम तेल को प्राप्त होगा। 

एम्पोब के महानिदेशक का कहना है कि सीपीओ के दाम में निकट भविष्य में ज्यादा गिरावट आने की संभावना नहीं है। ईरान के पास होर्मुज स्ट्रेट में जो स्थिति बनी हुई है उससे खाद्य तेलों का वैश्विक बाजार आगामी महीनों में भी मजबूत रह सकता है। 

इस बार अल नीनो मौसम चक्र के प्रभाव से बारिश कम होने तथा सूखे की स्थिति बनने की संभावना है जिससे बागानों में  ऑयल पाम की उत्पादकता प्रभावित हो सकती है। इसका पाम तेल बाजार पर मनोवैज्ञानिक असर पड़ने की संभावना है।

वैसे तत्काल इसका असर नहीं दिखाई पड़ेगा मगर इसके दीर्घकालीन प्रभाव की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। मलेशिया सरकार छोटे-छोटे पाम बागान के मालिकों के हितों की सुरक्षा का प्रयास कर रही है ताकि देश से पाम तेल उत्पादों के निर्यात की निरंतरता बरकरार रह सके।