कनाडा से मसूर का कुल निर्यात 23 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान
21-Jul-2026 04:57 PM
ओटावा। दुनिया में मसूर के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- कनाडा के कृषि मंत्रालय ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) में इस महत्वपूर्ण दलहन का निर्यात तेजी से बढ़कर 23 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जिसमें 15 लाख टन लाल मसूर एवं 8 लाख टन हरी मसूर का संभावित शिपमेंट शामिल है। भारत, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तथा तुर्की इसके तीन शीर्ष खरीदार हैं। दूसरी ओर कनाडा के घरेलू प्रभाग में मसूर की कुल खपत घटकर 2.50 लाख टन रह जाने का अनुमान है।
इसके फलस्वरूप 2025-26 के मार्केटिंग सीजन की समाप्ति पर कनाडा में मसूर का कुल बकाया अधिशेष स्टॉक तेजी से उछलकर 14.20 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की संभावना है। कनाडा में सभी किस्मों एवं श्रेणियों की मसूर का औसत बाजार भाव इस बार करीब 510 डॉलर प्रति टन दर्ज किया गया जो गत वर्ष से काफी नीचे है। शानदार उत्पादन एवं विशाल स्टॉक के कारण मसूर की कीमतों पर दबाव बरकरार है। मोटी हरी मसूर का औसत भाव लाल मसूर से 45 डॉलर प्रति टन ऊंचा बना रहा।
कनाडा में पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान मसूर का बिजाई क्षेत्र 11 प्रतिशत घटकर 15.80 लाख हेक्टेयर रह गया। मसूर का करीब 88 प्रतिशत क्षेत्रफल सस्कैचवान प्रान्त में तथा शेष 12 प्रतिशत रकबा अल्बर्टा एवं मनिटोबा राज्य में रहा।
कनाडा में मसूर का कुल उत्पादन घटकर 26.50 लाख टन रह जाने की संभावना है लेकिन 14.20 लाख टन के रिकॉर्ड बकाया स्टॉक के साथ इसकी कुल उपलब्धता बढ़कर 40.70 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच सकती है।
कृषि मंत्रालय ने 2026-27 के मार्केटिंग सीजन में भी कनाडा से 23 लाख टन मसूर का निर्यात होने का अनुमान लगाया है जबकि घरेलू उपयोग के बाद सीजन के अंत में बकाया स्टॉक और भी बढ़कर 15.40 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है।
इसके बावजूद मोटी हरी मसूर तथा लाल मसूर का औसत भाव कुछ ऊंचा रह सकता है। भारतीय उप महाद्वीप में इसकी मांग लगभग सामान्य रहने की संभावना है। अमरीका में भी मसूर का बिजाई क्षेत्र 30 प्रतिशत घटकर 7.50 लाख एकड़ पर अटक गया।
