ब्राजील में मक्का के उत्पादन अनुमान में 12.60 लाख टन की वृद्धि

21-Jul-2026 06:03 PM

साओ पाउलो। दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित देश- ब्राजील में फसल की शानदार स्थिति को देखते हुए संघीय सरकार की अधीनस्थ एजेंसी- कोनाब ने मक्का के घरेलू उत्पादन अनुमान को 12.60 लाख टन बढ़ाकर 1417.20 लाख टन निर्धारित किया है। यह उत्पादन का अत्यन्त ऊंचा स्तर है।

उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में मक्का के निर्यात में अमरीका के बाद दूसरे नम्बर पर तथा उत्पादन में अमरीका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर रहता है। ब्राजील में मक्का का उत्पादन तीन सीजन- प्रथम या पूर्ण सीजन, दूसरे या सफरीन्हा सीजन तथा तीसरे या स्पेशल सीजन में होता है। 

वैसे कोनाब ने अपनी नई (जुलाई) रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के दौरान जो 1417.20 लाख टन मक्का के घरेलू उत्पादन का अनुमान लगाया है। वह 2024-25 सीजन के अंतिम समीक्षित उत्पादन से 5.70 लाख टन या 0.4 प्रतिशत कम है। एजेंसी ने 2025-26 के प्रथम या पूर्ण सीजन के दौरान 414 लाख टन मक्का के घरेलू उत्पादन का अनुमान लगाया है

जो इसी सीजन के उत्पादन से 0.8 प्रतिशत ज्यादा है। लेकिन सफरीन्हा मक्का का उत्पादन 37.90 लाख टन या 3.4 प्रतिशत घटकर 1094.30 लाख टन रह जाने की संभावना व्यक्त की गई है। तीसरे या स्पेशल सीजन में 26.90 लाख टन मक्का के उत्पादन की उम्मीद व्यक्त की गई है। हालांकि सफरीन्हा मक्का का बिजाई क्षेत्र 2.1 प्रतिशत बढ़कर 177.90 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया लेकिन इसकी औसत उपज दर 5.5 प्रतिशत बढ़कर 6148 किलो प्रति हेक्टेयर रह जाने की संभावना है। फसल की कटाई अभी जारी है।