कनाडा से 2024-25 के सीजन में 21 लाख टन मसूर के निर्यात का अनुमान

21-Jan-2025 08:36 PM

विनीपेग । चालू मार्केटिंग सीजन (अगस्त 2024- जुलाई- 2025) के आरंभिक चार महीनों में यानी अगस्त-नवम्बर - 2024 के दौरान कनाडा से कुल करीब 8 लाख टन मसूर का निर्यात हुआ जो वर्ष 2023 की समान अवधि के शिपमेंट से 14 प्रतिशत अधिक रहा। इसमें से सर्वाधिक 3.50 लाख टन का आयात अकेले भारत ने किया।

इसके बाद तुर्किए तथा संयुक्त अरब अमीरात का स्थान रहा। चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा से कुल 21 लाख टन मसूर के निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जो 2023-24 सीजन के शिपमेंट से काफी अधिक है।

पिछला बकाया स्टॉक कम रहने के बावजूद बेहतर उत्पादन के कारण कनाडा में मसूर की कुल उपलब्धता करीब 6 लाख टन बढ़ी है। निर्यात में बढ़ोत्तरी होने पर भी वहां मसूर के अधिशेष स्टॉक में इजाफा होने की उम्मीद है। 

लेकिन मसूर का औसत मूल्य गत सीजन की तुलना में 17 प्रतिशत घटकर इस बार 835 डॉलर प्रति टन रह जाने की संभावना है।

नम्बर वन ग्रेड की मोटी हरी मसूर का भाव नम्बर 1 श्रेणी की लाल मसूर से 540 डॉलर प्रति टन ऊंचा रह सकता है। 2023-24 के मार्केटिंग सीजन में यह 787 डॉलर प्रति टन ऊंचा चल रहा था। 

2025-26 सीजन के दौरान कनाडा में मसूर का कुल बिजाई क्षेत्र सुधरकर 17.30 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान है मगर इसका उत्पादन कुछ घटकर 24 लाख टन के करीब रहने की संभावना है। बकाया स्टॉक ऊंचा होने से कुल उपलब्धता 28 लाख टन पर पहुंच सकती है।