कनाडा में मटर, मसूर एवं कैनोला का स्टॉक बढ़ा

08-May-2026 01:52 PM

ओटावा। केन्द्रीय एजेंसी- स्टैटिसटिक्स कनाडा (स्टैट्स कैन) ने जो नवीनतम आंकड़ा जारी किया है उससे पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान शानदार घरेलू उत्पादन होने से देश में 31 मार्च 2026 को मटर, मसूर, कैनोला एवं अलसी का स्टॉक 31 मार्च 2025 के मुकाबले काफी ज्यादा बचा हुआ था मगर सोयाबीन के स्टॉक में गिरावट आ गई। सभी जिंसों का निर्यात प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान कनाडा में मटर का स्टॉक 13.56 लाख टन 84.7 प्रतिशत बढ़कर 25.05 लाख टन तथा मसूर का स्टॉक 10.48 लाख टन से 126.7 प्रतिशत उछलकर 23.76 लाख टन पर पहुंच गया। कनाडा संयुक्त रूप से इन दोनों प्रमुख दलहनों का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश बना हुआ है। उसे अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में मटर के लिए रूस से तथा मसूर के लिए ऑस्ट्रेलिया से सख्त प्रतिस्पर्धा एवं कठिन चुनौती का सामना करना पड़ता है। 

तिलहन फसलों के संवर्ग में कनाडा दुनिया में कैनोला का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। स्टैट्स कैन की रिपोर्ट के अनुसार 31 मार्च 2026 को कनाडा में 99.85 लाख टन कैनोला का विशाल स्टॉक मौजूद था जो 31 मार्च 2025 को उपलब्ध स्टॉक 78.35 लाख टन से 27.4 प्रतिशत ज्यादा था। इसी तरह अलसी का स्टॉक इसी अवधि में 2.53 लाख टन से 50.2 प्रतिशत बढ़कर 3.80 लाख टन पर पहुंच गया। लेकिन सोयाबीन के स्टॉक में 45.7 प्रतिशत की भारी गिरावट आ गई और इसकी मात्रा 31 मार्च 2025 के 27.56 लाख टन से घटकर 31 मार्च 2026 को 14.27 लाख टन रह गई।

कनाडा में सभी दलहनों एवं तिलहनों की बिजाई आरंभ हो गई है और इसकी नई फसल की कटाई-तैयारी अगस्त-सितम्बर में शुरू होगी। मटर एवं मसूर का विशाल बकाया स्टॉक अब भी वहां उपलब्ध है जिससे बिजाई पर कुछ असर पड़ने की आशंका है। इसका बाजार मूल्य भी 2024-25 सीजन की तुलना में काफी नीचे चल रहा है।