कनाडा में मसूर का उत्पादन बढ़कर 30 लाख टन के करीब पहुंचा

27-Nov-2025 08:44 PM

सस्काटून। कनाडाई कृषि मंत्रालय की नई मासिक रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के दौरान मसूर का घरेलू उत्पादन बढ़कर 30 लाख टन के करीब पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जो 2024-25 सीजन के उत्पादन से 5 लाख टन या 22 प्रतिशत अधिक है।

समीक्षाधीन सीजन के दौरान यद्यपि लाल मसूर का उत्पादन  घटकर 16 लाख टन पर सिमट गया लेकिन मोटी (बड़ी) हरी मसूर का उत्पादन दोगुना बढ़कर 9 लाख टन पर पहुंच गया।

अन्य किस्मों एवं श्रेणियों की मसूर का उत्पादन भी सुधरकर 5.60 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। पिछले बकाया स्टॉक एवं संभावित आयात के साथ 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा में मसूर की कुल उपलब्धता 36 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है। वहां अक्सर अमरीका से मसूर का आयात होता है। 

बेहतर उपलब्धता एवं प्रतिस्पर्धी कीमतों के कारण चालू मार्केटिंग सीजन में कनाडा से मसूर का सकल निर्यात बढ़कर 21 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है।

फिलहाल इसके तीन शीर्ष खरीदारों में भारत, यूरोपीय संघ एवं अमरीका शामिल है। घरेलू खपत कम होने तथा उपलब्धता ज्यादा रहने से कनाडा में 2025-26 सीजन के अंत में मसूर का सकल बकाया अधिशेष स्टॉक तेजी से उछलकर 11.50 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है

जिससे कीमतों पर भारी दबाव बना रह सकता है। कृषि मंत्रालय ने चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान मसूर का औसत बाजार भाव 2024-25 सीजन की तुलना में 33 प्रतिशत लुढ़ककर 530 डॉलर प्रति टन रह जाने का अनुमान लगाया है। वैसे लाल मसूर एवं बड़ी- छोटी हरी मसूर की कीमतों के बीच अंतर बरकरार रहेगा।

उधर अमरीका में मसूर का उत्पादन 23 प्रतिशत बढ़कर 5 लाख टन पर पहुंच गया। वहां इसके बिजाई क्षेत्र में 15 प्रतिशत का इजाफा हुआ था और फसल की औसत उपज दर में भी सुधार देखा गया।