कनाडा में काबुली चना का बिजाई क्षेत्र घटने की संभावना
22-Jan-2025 12:58 PM
क्यूबेक । बाजार भाव नीचे रहने से उत्पादकों को आकर्षक वापसी हासिल नहीं होने के कारण चालू वर्ष के दौरान काबुली चना की खेती में कनाडाई किसानों की दिलचस्पी घट सकती है जिससे इसके बिजाई क्षेत्र में कुछ कमी आने की संभावना है। फसल की बिजाई अप्रैल में शुरू हो सकती है।
औसत उपज दर सामान्य रहने पर इसके कुल उत्पादन में काफी गिरावट आ सकती है लेकिन विशाल बकाया स्टॉक के कारण कुल उपलब्धता में 11 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।
काबुली चना का निर्यात भी बेहतर होने की उम्मीद है और इसके बावजूद सीजन के अंत में अधिशेष स्टॉक कुछ बढ़ सकता है। 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में इसका भाव 2024-25 की तुलना में कुछ नीचे रहने की संभावना है।
जहां तक 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन का सवाल है तो कनाडा से काबुली चना का कुल निर्यात 2023-24 सीजन की तुलना में कुछ घटकर 1.65 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
अमरीका, यूरोपीय संघ एवं तुर्किए इसके प्रमुख खरीदार बने रहेंगे। उत्पादन में भारी वृद्धि होने तथा निर्यात में गिरावट आने से कनाडा में चालू मार्केटिंग सीजन के अंत में काबुली चना का बकाया अधिशेष स्टॉक काफी बढ़ सकता है।
काबुली चना का औसत निर्यात ऑफर मूल्य घटकर 800 डॉलर प्रति टन के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया है क्योंकि वैश्विक मांग कमजोर देखी जा रही है जबकि आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है।
अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 2024-25 सीजन के दौरान अमरीका में काबुली चना का उत्पादन बढ़कर 2.56 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जो 2023-24 सीजन के उत्पादन से 21 प्रतिशत ज्यादा है।
हालांकि वहां औसत उपज दर में कुछ कमी आई मगर क्षेत्रफल में भारी बढ़ोत्तरी होने से कुल उत्पादन काफी बढ़ गया।
