कनाडा को मसूर के निर्यात में बढ़ोत्तरी का भरोसा

23-May-2026 04:25 PM

वैंकुवर। कनाडा के एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक का कहना है कि आगामी महीनों के दौरान देश से भारत को और अधिक मात्रा में मसूर का निर्यात हो सकता है जबकि बांग्ला देश, पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भी इसके  बड़े खरीदार बने रहेंगे। कनाडा में निर्यात योग्य मसूर का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है लेकिन पश्चिम एशिया का संकट गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है। 

कनाडा से मसूर का बल्क निर्यात गत वर्ष के 8.77 लाख टन से 42 प्रतिशत उछलकर इस बार 12.50 लाख टन पर पहुंच चुका है जबकि मटर का शिपमेंट भी 16 लाख टन से 31 प्रतिशत बढ़कर 21 लाख टन पर पहुंच गया है।

मटर की तुलना में मसूर के आयातक देशों की संख्या ज्यादा है। कनाडा से लगभग 70 प्रतिशत मटर का निर्यात चीन और भारत को होता है जबकि मसूर का निर्यात एशिया, दक्षिण अमरीका, भूमध्य सागर एवं यूरोप के देशों को भी किया जाता है। कनाडा में मसूर और मटर का स्टॉक उपलब्ध है और विभिन्न देशों में इसकी अच्छी मांग भी देखी जा रही है।