जीरे में अभी तेजी नहीं
13-Mar-2024 07:19 PM
नई दिल्ली । जानकार सूत्रों का कहना है कि जीरे की कीमतों में अभी तेजी की संभावना नहीं है। क्योंकि गुजरात के पश्चात अब राजस्थान की मंडियों में भी नए जीरे की दैनिक आवक बढ़ने लगी है। और इस वर्ष उत्पादन गत वर्ष की तुलना में अधिक होने के समाचार है।
अधिक उत्पादन के कारण विगत कुछ समय से जीरे के दामों में मंदा बना हुआ है। और अभी भी बाजारों में 10/20 रुपए प्रति क्विंटल का मंदा आने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। क्योंकि होली पर्व के पश्चात राजस्थान की मंडियों में आवक का दबाव बनेगा।
गुजरात की मंडियों में बढ़ती आवक एवं हाजिर में कमजोर मांग के कारण आज भी गुजरात की मंडियों में जीरे की कीमतें 200/300 रुपए प्रति क्विंटल मंदे के साथ बोली गई।
गुजरात की मंडियों में आज जीरे की दैनिक आवक बढ़कर लगभग 1 लाख बोरी की हो गई है। अकेले ऊंझा मंडी में आवक 45/46 हजार बोरी की रही। अधिक पैदावार के कारण वायदा बाजार भी मंदा रहा।
मार्च का जीरा 550 रुपए एवं अप्रैल का 330 रुपए मंदे के साथ बंद हुआ है। व्यापारिक सूत्रों का मानना है कि इस वर्ष देश में जीरा का उत्पादन एक करोड़ बोरी के आसपास रहेगा। जबकि गत वर्ष पैदावार 50/55 लाख बोरी की रही थी।
