जीरा- भाव घटने से आवक घटी

31-May-2024 07:06 PM

नई दिल्ली । जीरा बाजार में गिरती कीमतों के कारण मंडियों में जीरे की दैनिक आवक घटनी शुरू हो गई है। गुजरात की प्रमुख मंडी ऊंझा में आवक घटकर 16/17 हजार बोरी की आ गई है।

जबकि राजस्थान की जोधपुर मंडी में आवक 1000/1200 बोरी की रह गई है। मेड़ता मंडी में आवक 3500/4000 बोरी एवं नागौर 1200/1500 बोरी की रह गई है। हालांकि इस वर्ष देश में जीरा उत्पादन गत वर्ष की तुलना में अधिक हुआ है।

लेकिन गिरती कीमतों के कारण किसानों ने माल रोकना शुरू कर दिया है क्योंकि गत वर्ष के 630/640 रुपए के भाव भी किसानों ने देखे हैं। 

सूत्रों का कहना है कि देश में नहीं अपितु विदेशों में भी इस वर्ष जीरा उत्पादन अधिक होने के समाचार मिलने के कारण वर्तमान में जीरे में निर्यातकों के अलावा लोकल उठाव भी सीमित रह गया है। वायदा बाजार में भी भाव घट रहे हैं।

वायदा बाजार में आज जून माह का जीरा 1350 रुपए एवं जुलाई का 1080 रुपए मंदे के साथ बंद हुआ है। वर्तमान हालात को देखते हुए हाल-फिलहाल कीमतों में अधिक तेजी की संभावना नहीं है।