इंडोनेशियाई पाम तेल के उत्पादन में सीमित वृद्धि होने का अनुमान
13-Mar-2026 03:25 PM
जकार्ता। इंडोनेशियाई पाम ऑइल एसोसिएशन - गापकी की एक रिपोर्ट से पता चलता है कि वर्ष 2024 के मुकाबले 2025 में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का घरेलू उत्पादन 7.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 316.6 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया लेकिन जबरदस्त घरेलू एवं निर्यात मांग के कारण वहां वर्ष के अंत में पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक 25 प्रतिशत घटकर 20.70 लाख टन रह गया जो मलेशियाई स्टॉक से भी कम था।
उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि उसके आंतरिक भाग में खासकर बायोडीजल के निर्माण में पाम तेल की विशाल मात्रा का उपयोग हो रहा है। इससे बकाया स्टॉक कम बचता है।
गापकी के मुताबिक यद्यपि इंडोनेशिया के उत्पादक पाम तेल का उत्पादन बढ़ाने के इच्छुक हैं लेकिन शुष्क मौसम एवं विनयामक चुनौतियों के कारण उसे अपने मकसद में सीमित सफलता ही मिलने की उम्मीद है। यदि पाम तेल उत्पादन में वृद्धि होती है तो यह 1-2 प्रतिशत तक सीमित रह सकती है। इसी भी हाल में पाम तेल के उत्पादन में 5 प्रतिशत से ज्यादा का इजाफा संभव नहीं लगता है।
इंडोनेशिया सरकार ने चालू वर्ष में जैव इंधन का प्लान पाम तेल के 50 प्रतिशत अनिवार्य उपयोग का नियम लागू करने का प्लान बनाया है जिसे बी-50 प्रोग्राम कहा जा रहा है। गापकी का कहना है कि अगर यह नियम लागू हो गया तो इंडोनेशिया में निर्यात उद्देश्य के लिए पाम तेल का स्टॉक सीमित हो जाएगा।
