Home News

गिरकर फिर बढ़े जीरा के भाव : बिजाई प्रभावित होने की संभावना

27-Nov-2026 07:14 PM

गिरकर फिर बढ़े जीरा के भाव : बिजाई प्रभावित होने की संभावना

नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान जीरा कीमतों में मिला-जुला रुख रहा। सप्ताह के शुरू में गुजरात में जीरा बिजाई के आंकड़े गत वर्ष की तुलना में अधिक जारी किए जाने के पश्चात कीमतों में अच्छी गिरावट  दर्ज की गई लेकिन सप्ताह के अंतिम दिन वायदा में भाव बढ़ने के कारण कीमतों में 4/5 रुपए प्रति किलो की तेजी रही। 

सूत्रों का कहना है कि हालांकि शुरूआती दौर में गुजरात में बिजाई के आंकड़े अधिक दर्शाए गए हैं लेकिन फाइनल आंकड़े जोकि दिसम्बर माह में जारी किए जाएंगे वह कम आने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। व्यापारियों का मानना है कि चालू सीजन के दौरान गुजरात में जीरा बिजाई 50/60 प्रतिशत रहने की संभावना है जबकि राजस्थान 65/75 प्रतिशत बिजाई होने के पूर्वानुमान लगाए जा रहे है। उत्पादक केन्द्रों पर जीरा बिजाई का कार्य जोरों पर चल रहा है उल्लेखनीय है कि गत वर्ष देश में जीरे की कुल बिजाई 11.18 लाख हेक्टेयर पर की गई थी जबकि वर्ष 2025 में बिजाई का क्षेत्रफल 11.71 लाख हेक्टेयर का रहा था। 

भाव 

चालू सप्ताह के शुरू में जीरे के भाव 8/10 रुपए प्रति किलो तक घटाकर बोले जाने लगे थे। लेकिन सप्ताह के अंतिम दिन वायदा में जीरे के भाव बढ़ने के कारण हाजिर बाजारों में भी जीरे के दाम 4/5 रुपए प्रति किलो बढ़ाकर बोले जाने लगे हैं। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर जीरे के भाव 235/265 रुपए बोले जाने लगे हैं। जबकि जीरा निर्यात का भाव 5350/5375 रुपए प्रति 20 किलो बोला जाने लगा जोकि चालू सप्ताह के दौरान नीचे में 5175/5200 रुपए बोले जा रहा था। 

आवक 

गत दिनों कीमतों में गिरावट आने के कारण मंडियों में किसानी माल की आवक भी घटनी शुरू हो गई। प्रमुख मंडी ऊंझा में आवक घटकर 7/8 हजार बोरी की रह गई। जबकि राजकोट में 1000/1100 बोरी एवं गोंडल 700/800 बोरी की रह गई। राजस्थान की जोधपुर मंडी में 500/600 एवं मेडता 1000/1200 बोरी की चल रही है। नागौर में आवक 500/600 बोरी एवं नोखा 200/300 बोरी की आवक रह गई है। सूत्रों का कहना है कि स्टॉक पर्याप्त होने के कारण भाव बढ़ने पर आवक में भी वृद्धि होगी। 

स्टॉक 

उत्पादक केन्द्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार वर्तमान में गुजरात की मंडियों में जीरे का स्टॉक 10/12 लाख बोरी एवं राजस्थान 20/25 लाख बोरी का माना जा रहा है हालांकि नई फसल आने तक स्टॉक पर्याप्त है लेकिन आगामी सीजन के लिए बिजाई घटने के समाचारों के चलते सटोरिए कीमतों को अवश्य ही बढ़ाएंगे।

घटेगा उत्पादन 

जानकार सूत्रों का कहना है कि उत्पादक केन्द्रों पर बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने की संभावना के चलते वर्ष 2027 में भी जीरा उत्पादन घटने के पूर्वानुमान लगाए जा रहे है। चालू सीजन के दौरान देश में जीरे का उत्पादन 93/94 लाख बोरी का लगाया गया था जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन अनुमान 97/98 लाख बोरी का रहा था। सूत्रों का कहना है कि बिजाई के पश्चात मौसम कैसा रहेगा इसका असर भी पैदावार पर पड़ेगा।    

निर्यात 

चालू सीजन के दौरान चीन में जीरा उत्पादन अधिक होने के कारण चीन का निर्यात घटा है जिस कारण से अप्रैल-जुलाई- 2026 के दौरान जीरे का निर्यात गत वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत घटा है। आय में भी 26 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-जुलाई 2026 के दौरान जीरे का निर्यात 58821 टन का हुआ और निर्यात से प्राप्त आय 1383.75 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-जुलाई- 2025 के दौरान जीरे का निर्यात 78278 टन का रहा था और निर्यात से प्राप्त आय  1871.79 करोड़ की रही थी वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) के दौरान जीरे का कुल निर्यात 196800 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 4611.15 करोड़ की रही।