Home News
27-Nov-2026 06:30 PM
दाल मिलों की सीमित खरीदारी और बंदरगाहों पर आयातित मसूर की भरपूर उपलब्धता के चलते घरेलू बाजार में आयातित मसूर के साथ साथ देसी मसूर की कीमतों में में भी गिरावट का रुख बना हुआ है तथा लगातार नई शिपमेंट आने से घरेलू बाजार में आपूर्ति का दबाव बना हुआ है। इसके अलावा, चालू रबी सीजन में मसूर की बिजाई भी पिछले वर्ष की तुलना में तेज गति से आगे चल रही है, जिससे आगामी उत्पादन को लेकर बाजार में चिंता बढ़ी है। इन परिस्थितियों में मसूर की कीमतों में बड़ी तेजी की संभावना फिलहाल कमजोर दिखाई दे रही है।
मसूर की बिजाई पिछले साल से 3 लाख हेक्टेयर आगे
चालू रबी सीजन में मसूर की बिजाई तेज गति से चल रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक मसूर की बिजाई 14.39 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 3 लाख हेक्टेयर अधिक है। बिजाई क्षेत्र में इस बढ़त से आगामी फसल का उत्पादन बढ़ने की संभावना को बल मिल रहा है। हालांकि, अंतिम उत्पादन मौसम और फसल की उत्पादकता पर निर्भर करेगा।
बंदरगाहों पर भारी स्टॉक से आयातित मसूर की आपूर्ति मजबूत
बंदरगाहों पर आयातित मसूर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा, लगातार नई शिपमेंट आने से आपूर्ति का दबाव कम नहीं हो रहा है। आयातित मसूर की कीमतें सस्ती होने के कारण दाल मिलों की खरीदारी का रुझान भी आयातित माल की ओर बना हुआ है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में मसूर का उत्पादन अनुमान अधिक रहने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी आपूर्ति मजबूत रहने की संभावना है। इसका असर घरेलू देसी मसूर की कीमतों पर पड़ रहा है।
आगे बाजार का रुख
कुल मिलाकर मसूर बाजार में एक ओर खपत सीजन और देसी मसूर की उपलब्धता से समर्थन मिल रहा है, जबकि दूसरी ओर आयातित मसूर का भारी स्टॉक, लगातार नई शिपमेंट और चालू रबी सीजन में बिजाई क्षेत्र की बढ़त तेजी पर अंकुश लगा रही है। ऐसे में निकट अवधि में मसूर की कीमतों में बड़ी तेजी के आसार कम हैं। आगे बाजार की दिशा आयातित माल की कीमतों, बंदरगाहों पर स्टॉक, दाल मिलों की खरीदारी और फसल की प्रगति पर निर्भर करेगी।