गुजरात में रबी फसलों का रकबा 23.29 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा
01-Dec-2025 09:02 PM
अहमदाबाद। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में मौसम साफ एवं अनुकूल होने से रबी फसलों की बिजाई की गति सुधरने लगी है।
राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार गुजरात में रबी फसलों कुल उत्पादन क्षेत्र इस बार 1 दिसम्बर तक बढ़कर 23.29 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 21.44 लाख हेक्टेयर से ज्यादा तथा सामान्य औसत क्षेत्रफल 46.07 लाख हेक्टेयर के 50 प्रतिशत से अधिक है।
पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान गुजरात में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 4.86 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 6.02 लाख हेक्टेयर तथा कुल अनाजी फसलों का बिजाई क्षेत्र 5.80 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 6.94 लाख हेक्टेयर हो गया। लेकिन अनाजी फसलों में मक्का का रकबा 81 हजार हेक्टेयर से गिरकर 76 हजार हेक्टेयर पर अटक गया।
दलहन फसलों की बिजाई में उच्च प्रगति हुई और इसका दायरा 4.37 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 5.16 लाख हेक्टेयर हो गया। इसके, तहत चना का उत्पादन क्षेत्र तो 3.87 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.86 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया लेकिन अन्य फसलों का रकबा 50 हजार हेक्टेयर से गिरकर 30 हजार हेक्टेयर रह गया। इसमें मूंग का क्षेत्रफल भी शमिल है।
इसी तरह तिलहन फसलों की बिजाई 1.82 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2.02 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा। इसके अंतर्गत सरसों का उत्पादन क्षेत्र 1.80 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2.00 लाख हेक्टेयर हो गया जबकि चना फसलों का रकबा 2 हजार हेक्टेयर से गिरकर 1 हजार हेक्टेयर पर अटक गया।
गुजरात में उपरोक्त प्रमुख कृषि फसलों के अलावा, जीरा, धनिया, सौंफ, सावा, लहसुन एवं ईसबगोल सहित कई अन्य फसलों एवं मसालों की खेती भी होती है।
पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान वहां जीरा का उत्पादन क्षेत्र 2,11,121 हेक्टेयर से घटकर 1,94,775 हेक्टेयर तथा सौंफ का रकबा 20 हजार हेक्टेयर से घटकर 18 हजार हेक्टेयर रह गया लेकिन दूसरी ओर धनिया का बिजाई क्षेत्र 41,721 हेक्टेयर से बढ़कर 55,333 हेक्टेयर एवं ईसबगोल का क्षेत्रफल 4526 हेक्टेयर से सुधरकर 4862 हेक्टेयर पर पहुंच गया।
