गेहूं का वैश्विक बकाया स्टॉक घटकर गत नौ वर्षों के निचले स्तर पर आने का अनुमान
20-Jan-2025 06:40 PM
मुम्बई । अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की एक रिपोर्ट के अनुसार यद्यपि 2024-25 के सीजन में गेहूं का वैश्विक उत्पादन बढ़कर 79.32 करोड़ टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की संभावना है मगर इसकी मांग एवं खपत उससे भी ज्यादा बढ़कर 80.19 करोड़ टन पर पहुंचने की उम्मीद है
जिससे मार्केटिंग सीजन (जुलाई-जून) के अंत में इसका बकाया अधिशेष स्टॉक 3.6 प्रतिशत गिरकर 25.88 करोड़ टन पर सिमट सकता है जो गत नौ वर्षों का सबसे निचला स्तर होगा। उस्डा ने 2024-25 के सीजन में 21.23 करोड़ टन गेहूं का वैश्विक व्यापार होने का अनुमान लगाया है।
रूस में गेहूं का उत्पादन गत वर्ष के मुकाबले 10 प्रतिशत गिरकर 815 लाख टन पर अटक जाने का अनुमान है जबकि वहां से इसका निर्यात बेहतर होने की उम्मीद है और इसके स्पष्ट संकेत भी मिल रहे हैं। इसके फलस्वरूप वहां बकाया अधिशेष स्टॉक तेजी से घटकर 82 लाख टन रह जाने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि रूस दुनिया में गेहूं का सबसे प्रमुख निर्यातक एवं तीसरा सबसे बड़ा उत्पादन देश है। रूस में गेहूं का यह अनुमानित बकाया अधिशेष स्टॉक 2023-24 सीजन की तुलना में करीब 30 प्रतिशत कम तथा 2019-20 सीजन के बाद का न्यूनतम स्तर है।
एक विशेषक के अनुसार रूस में स्टॉक काफी घट जाने से गेहूं का वैश्विक बाजार भाव आगामी महीनों में कुछ मजबूत हो सकता है।
उधर यूरोपीय संघ में गेहूं का उत्पादन 9 प्रतिशत घटकर 1230 लाख टन से भी नीचे आ गया। वहां बिजाई क्षेत्र के साथ-साथ गेहूं का उपज दर में भी गिरावट आ गई।
उम्मीद की जा रही है कि प्रमुख निर्यात देशों में जुलाई-अगस्त में नए माल की जोरदार आवक शुरू होने से पूर्व गेहूं का भाव स्थिर रह सकता है।
