गेहूं की सरकारी खरीद पिछले साल से अधिक होने के आसार

21-May-2024 01:32 PM

नई दिल्ली । पिछले साल केन्द्रीय पूल के लिए कुल मिलाकर 262 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी जबकि चालू वर्ष में गत सप्ताह तक खरीद की मात्रा 261 लाख टन के करीब पहुंच गई और खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है। लेकिन चालू वर्ष के दौरान कुल खरीद 300-310 लाख टन के आरंभिक लक्ष्य से भी रह जाएगी।

मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद गत वर्ष से करीब 35 प्रतिशत पीछे चल रही है। वहां खरीद की समय सीमा 31 मई तक बढ़ा दी गई है। पंजाब तथा हरियाणा में खरीद गत वर्ष से आगे हो गई है।

पंजाब में करीब 124 लाख टन तथा हरियाणा में 71.40 लाख टन गेहूं खरीदा जा चुका है।  राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं की कुल खरीद में 75 प्रतिशत योगदान पंजाब-हरियाणा का है।

पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान पंजाब में 121 लाख टन तथा हरियाणा में 63.20 लाख टन गेहूं खरीदा गया था। वैसे अब भी इन दोनों राज्यों में नियत लक्ष्य क्रमश: 130 लाख टन एवं 80 लाख टन से पीछे है जबकि मंडियों में गेहूं की आवक काफी घट गई है।

 मध्य प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद पिछले साल के 70.70 लाख टन से घटकर 47.20 लाख टन पर अटक गई। दूसरी ओर इसी अवधि में खरीद की मात्रा उत्तर प्रदेश में 2 लाख टन से उछलकर 8.90 लाख टन तथा राजस्थान में 4 लाख टन से बढ़कर 9.10 लाख टन पर पहुंच गई। अखिल भारतीय स्तर पर गेहूं की कुल खरीद पिछले साल के 260.80 लाख टन से सुधरकर 261 लाख टन पर पहुंची। 

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिकारियों को भरोसा है कि चालू रबी मार्केटिंग सीजन में गेहूं की कुल खरीद 270 लाख टन तक पहुंच जाएगी जो खाद्य सुरक्षा की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।

प्रधानमंत्री गरीब कैसे अन्न योजना तथा खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) सहित कई अन्य स्कीम में गेहूं की आपूर्ति की जाती है।