गेहूं का घरेलू उत्पादन 12 करोड़ टन को पार कर जाने का अनुमान
11-Mar-2026 04:06 PM
नई दिल्ली। बिजाई क्षेत्र में 6 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि होने तथा मौसम की हालत काफी हद तक अनुकूल रहने से 2025-26 के वर्तमान रबी सीजन में गेहूं का घरेलू उत्पादन बढ़कर 1200 लाख (12 करोड़) टन से ऊपर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार 2024-25 के रबी सीजन में 1179.45 लाख टन गेहूं का घरेलू उत्पादन हुआ था
जबकि 2025-26 के मौजूदा सीजन में उत्पादन और भी उछलकर 1202.10 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है। इससे घरेलू प्रभाग में इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का सम्पूर्ण एवं उपलब्धता में इजाफा होगा और कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
खाद्य मंत्रालय ने इस वर्ष 303 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है जो पिछले साल की वास्तविक खरीद से कुछ ही अधिक है।
उद्योग-व्यापार क्षेत्र के विश्लेषकों का कहना है कि सरकार के पास पहले से ही गेहूं का विशाल स्टॉक मौजूद है और यदि चालू वर्ष के दौरान लक्ष्य के अनुरूप खरीद हो जाती है तो सरकार स्टॉक बढ़कर काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच सकता है।
गेहूं के घरेलू उत्पादन में नियमित रूप से बढ़ोत्तरी हो रही है। सरकार द्वारा 25 लाख टन गेहूं तथा 10 लाख टन गेहूं उत्पादों के निर्यात की स्वीकृति प्रदान की गई है लेकिन इसका निर्यात ऑफर मूल्य प्रतिस्पर्धी नहीं है क्योंकि घरेलू बाजार भाव की तुलना में अंतर्राष्ट्रीय बाजार मूल्य नीचे चल रहा है।
इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी 160 रुपए बढ़ाकार 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है जिससे निर्यातकों की कठिनाई बढ़ सकती है।
