फ्रीसेल कोटा में कटौती होने से चीनी का भाव मजबूत रहने के आसार
28-Apr-2026 10:37 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय के चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय ने मई 2026 में घरेलू बिक्री के लिए सम्पूर्ण देश की मिलों के वास्ते महज 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित किया है जो अप्रैल के कोटे 23 लाख टन से 50 हजार टन तथा मई 2025 के कोटे 23.50 लाख टन से 1 लाख टन कम है। इससे पूर्व मई 2024 में 27 लाख टन तथा मई 2023 में 24 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया था।
मई का महीना काफी गर्म होता है इसलिए इसमें चीनी की औद्योगिक मांग काफी बढ़ जाती है। कोल्ड ड्रिंक्स तथा आइसक्रीम के निर्माण में चीनी की भारी खपत होती है। इसे देखते हुए मई माह के लिए नियत 22.50 लाख टन का कोटा भार स्वरूप प्रतीत नहीं होता है।
आईग्रेन इंडिया द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार चालू वर्ष के शुरूआती पांच महीनों में यानी जनवरी- मई 2026 के दौरान कुल मिलाकर करीब 113 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित हुआ जो वर्ष 2025 की समान अवधि के नियत कोटा 115 लाख टन से 2 लाख टन तथा 2024 की इसी अवधि के लिए निर्धारित कोटा 121 लाख टन से 8 लाख टन कम रहा। उम्मीद की जा रही है कि मजबूत मांग के सहारे मई 2026 के दौरान चीनी का बाजार कुछ ऊंचा उठ सकता है।
गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का मुख्य सीजन लगभग समाप्त हो चुका है। इस बार चीनी के उत्पादन में उम्मीद के अनुरूप बढ़ोत्तरी नहीं हो सकी जिससे मिलों के पास इसका स्टॉक सामान्य स्तर पर ही है। यदि निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहा तो चीनी बाजार को कुछ और बल मिलेगा।
