फिलीपींस में सभी किस्मों के चावल के लिए उच्चतम खुदरा मूल्य नियत करने का प्रस्ताव
16-Jan-2025 01:41 PM
मनीला । दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित देश- फिलीपींस के कृषि विभाग ने घरेलू बाजार में जल्दी से जल्दी चावल का दाम घटाने के उद्देश्य से सभी किस्मों एवं श्रेणियों के चावल के लिए उच्चतम अनुशंसित खुदरा मूल्य (एमएसआरपी) निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा है।
कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए सर्व प्रथम इस बात का आंकलन किया जाएगा कि विदेशों से आयातित चावल इसमें किस तरह की भूमिका निभाएगा क्योंकि वैश्विक बाजार भाव में आने वाले उतार-चढ़ाव के अनुरूप इसकी कीमतों का स्तर ऊपर या नीचे हो सकता है। उल्लेखनीय है कि फिलीपींस संसार में चावल के सबसे अग्रणी आयातक देशों में शामिल है।
कृषि विभाग ने विदेशों से आयातित 5 प्रतिशत टूटे चावल का उच्चतम खुदरा मूल्य 58 पेसो प्रति किलो ग्राम नियत किया है और यह निर्णय 20 जनवरी से प्रभावी होने की संभावना है।
आरम्भिक चरण में यह मूल्य मनीला शहर में लागू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल इस पर विचार किया जा रहा है कि आगे इसमें कोई बदलाव करना जरुरी होगा या नहीं।
उसका कहना था कि इस सम्बन्ध में देश को कोई पिछला अनुभव नहीं है और 58 पेसो प्रति किलो ग्राम के साथ इसकी शुरूआत की गई है।
चूंकि यह एक पायलट (आरंभिक) प्रयोग है इसलिए इसके संभावित परिणामों पर गहरी नजर रखी जाएगी और फिर सम्पूर्ण स्थिति का अध्ययन- विश्लेषण करके इसमें सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।
ध्यान देने की बात है कि फिलीपींस में प्रति वर्ष 35-40 लाख टन चावल मंगाया जाता है। इसके अधिकांश भाग का आयात वियतनाम तथा थाईलैंड से होता है जबकि भारत, पाकिस्तान, म्यांमार एवं कम्बोडिया जैसे देशों से भी थोड़ी-बहुत मात्रा में चावल का आयात किया जाता है।
