एथनॉल मिश्रण का लक्ष्य 20 प्रतिशत से आगे बढ़ाने का आग्रह

13-Mar-2026 08:14 PM

नई दिल्ली। स्वदेशी चीनी उद्योग ने केन्द्र सरकार से पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य 20 प्रतिशत से आगे बढ़ाने का आग्रह किया है ताकि मिलों / डिस्टीलरीज को कुछ राहत मिल सके।

केन्द्रीय खाद्य मंत्री के साथ एक मीटिंग के दौरान चीनी उद्योग के प्रतिनिधियों ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने में एथनॉल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके साथ-साथ इससे गन्ना उत्पादकों को सहयोग-समर्थन मिल रहा है और पेट्रोलियम का आयात खर्च घटाने में सहायता मिल रही है। 

चीनी उद्योग के अनुसार देश में एथनॉल की कुल संचित उत्पादन क्षमता काफी बढ़ गई है जबकि सीमित उत्पादन के कारण इस क्षमता के बड़े भाग का उपयोग नहीं हो रहा है।

एथनॉल का उत्पादन एंव पेट्रोल में इसके मिश्रण का लक्ष्य बढ़ने पर क्रूड खनिज तेल के आयात पर निर्भरता घटाना संभव हो सकता है।

उद्योग का कहना है कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य पहले ही हासिल हो चुका है इसलिए अब इसे बढ़ाए जाने की जरूरत है। इससे उद्योग का उत्पादन बढ़ाने का अच्छा प्रोत्साहन मिलेगा।

भारत को खनिज तेल के आयात पर भी निर्भरता घटाने की सख्त आवश्यकता है क्योंकि इस पर अत्यन्त विशाल धनराशि खर्च हो रही है।

उल्लेखनीय है कि गत 11 मार्च को इस्मा के अध्यक्ष तथा महानिदेशक ने केन्द्रीय खाद्य मंत्री से मुलाकात की थी और चीनी तथा जैव ऊर्जा क्षेत्र की विभिन्न चुनौतियों से उन्हें अवगत करवाया था। पश्चिम एशिया के हालात से भारत भी परेशान हो रहा है।