Home News

चावल का वैश्विक बाजार भाव ऊंचा रहने की संभावना

04-Nov-2026 05:57 PM

चावल का वैश्विक बाजार भाव ऊंचा रहने की संभावना

नई दिल्ली। अल नीनो मौसम चक्र के प्रभाव से दक्षिण एशिया एवं दक्षिण पूर्व एशिया में बारिश कम होने से धान-चावल के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है जबकि एशिया एवं अफ्रीका महाद्वीप में चावल की मांग मजबूत रहने के आसार हैं। इसके फलस्वरूप कम से कम अगले साल की पहली तिमाही यानी मार्च 2027 तक चावल का वैश्विक बाजार भाव ऊंचा और तेज रहने की उम्मीद है। 

चावल के वैश्विक बाजार मूल्य में तेजी-मजबूती का माहौल बनना आरंभ हो चुका है जबकि अगले कुछ महीनों तक इसका सिलसिला बरकरार रह सकता है। मार्च 2027 के बाद अल नीनो की ताकत, तीव्रता  एवं गतिशीलता कमजोर पड़ने की संभावना है और उसके बाद ही धान-चावल का वैश्विक उत्पादन सामान्य स्तर पर लौट सकता है।

खाद्य एवं कृषि संगठन (फाओ) के अनुसार अल नीनो मौसम चक्र के प्रकोप से सर्वाधिक प्रभावित होने वाली फसलों में धान भी शामिल है। चावल का सबसे ज्यादा उत्पादन दक्षिण तथा दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में होता है जिसमें चीन, भारत, थाईलैंड, वियतनाम, बांग्ला देश, पाकिस्तान, एवं म्यांमार से भी इसका अच्छा निर्यात होता है। अन्य देशों में चावल का आयात होता है। 

भारतीय चावल के निर्यात ऑफर मूल्य में हाल के सप्ताह में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है क्योंकि धान का घरेलू बाजार भाव ऊंचा चल रहा है। अफ्रीकी देश अपनी आंतरिक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशाल मात्रा में भारतीय चावल की खरीद कर रहे है।