चीन में मटर के आयात में 8 लाख टन से अधिक की भारी गिरावट

15-Jan-2025 05:20 PM

शंघाई । मटर के अग्रणी आयातक देश- चीन में वर्ष 2023 के मुकाबले 2024 के दौरान इस महत्वपूर्ण दलहन के आयात में 8 लाख टन से अधिक की जोरदार गिरावट दर्ज की गई।

उल्लेखनीय है कि भारत में मटर का आयात मुख्यत: साबुत रूप में या दाल के तौर पर खाद्य उद्देश्य में होता है जबकि चीन में इसका आयात इन उद्देश्यों के साथ-साथ पशु आहार निर्माण तथा पौष्टिक तत्वों के उत्पादन में उपयोग के लिए भी किया जाता है।

भारत में पीली मटर के आयात पर लम्बे समय तक अघोषित प्रतिबंध लगा हुआ था जिसे दिसम्बर 2023 में हटाया गया मगर चीन में इसका आयात नियमित रूप से जारी है क्योंकि वहां इसके उपयोग का दायरा काफी बड़ा है।

चीन के सामान्य शुल्क प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार देश में जनवरी-नवम्बर 2023 के 11 महीनों में लगभग 21.47 लाख टन मटर का शानदार निर्यात हुआ था जो वर्ष 2024 के इन्हीं महीनों में घटकर महज 12.91 लाख टन के आसपास अटक गया। भारत की भांति चीन में भी मुख्यत: कनाडा एवं रूस सहित कुछ अन्य देशों से मटर मंगाई जाती है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चीन में अक्टूबर 2024 में 2,44,532 टन मटर का आयात हुआ था जो नवम्बर 2024 में 15 प्रतिशत घटकर 2,06,929 टन रह गया। नवम्बर में चीन ने कनाडा से सर्वाधिक 1,17,086 टन तथा रूस से 77,837 टन मटर का आयात किया।

इसके अलावा अमरीका से भी वहां 9643 टन मटर मंगाई गई। दिसम्बर 2024 का आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है लेकिन समझा जाता है कि निर्यातक देशों में जटिलता के कारण वहां मटर के  आयात में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।