चीन की खरीदारी पर रूई का वैश्विक बाजार भाव आश्रित

01-Dec-2025 09:40 PM

न्यूयार्क। हालांकि भरपूर आपूर्ति एवं पर्याप्त उपलब्धता के दबाव से रूई के वैश्विक बाजार मूल्य में नरमी का माहौल बना हुआ है लेकिन अमरीका और चीन के व्यापारिक संबंधों में आये सुधार को देखते हुए रूई की  मांग एवं कीमत कुछ मजबूत होने की उम्मीद की जा रही है। 

ध्यान देने की बात है कि अमरीका से रिश्ता खराब होने के बाद चीन के आयातकों ने ऑस्ट्रेलिया से रूई की खरीदारी बढ़ा दी और अब वह ऑस्ट्रेलिया की रूई का सबसे प्रमुख खरीदार बना हुआ है।

चीन के मिलर्स अमरीका से रूई का आयात तभी बढ़ा सकते हैं जब उसे पक्का भरोसा हो जाए कि अमरीकी बाजार में उसके वस्त्र उत्पादों की बिक्री में कोई बाधा नहीं आएगी। इसके लिए अमरीका को शुल्क पर नियत्रण रखना पड़ेगा। 

चीन की मांग पर अमरीका रूई की कीमतों में तेजी आश्रित है। वैश्विक स्तर पर रूई का कोई अभाव नहीं है और चीन तथा भारत में कपास की नई फसल की जोरदार आवक हो रही है।

चीन फिलहाल अमरीका के साथ मोल भाव पर तुला हुआ है। उधर ब्राजील में रूई का शानदार उत्पादन होने के संकेत मिल रहे हैं।

ब्राजील के साथ चीन के व्यापारिक सम्बन्ध बहुत अच्छे हैं और चीन पहले से ही ब्राजीलियन सोयाबीन का सबसे प्रमुख आयातक देश बना हुआ है। वह वहां से रूई का आयात भी बढ़ा सकता है।

पिछले महीने अमरीका और चीन के राष्ट्रपति के बीच अच्छी बातचीत हुई थी जिससे विभिन्न कृषि उत्पादों के वैश्विक कारोबार में तेजी आने की उम्मीद बढ़ी थी।

अमरीका की टैरिफ नीति ने पहले अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया था और लगभग तमाम देश इससे प्रभावित होने लगे थे। अब हालत धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। चीन से अमरीका को करारा जवाब मिलता रहा है।