चालू माह के लिए 28 लाख टन चीनी का विशाल फ्री सेल कोटा निर्धारित

10-Oct-2023 06:11 AM

नई दिल्ली । त्यौहारी सीजन में बढ़ने वाली मांग एवं खपत को पूरा करने तथा कीमतों में तेजी की संभावना पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार ने चालू माह (अक्टूबर) के लिए 28 लाख टन चीनी का अत्यन्त विशाल फ्री सेल कोटा निर्धारित किया है।

मालूम हो कि सितम्बर में ही मिलों के लिए 13 लाख टन ऐसी चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया था जिसकी बिक्री अक्टूबर हाफ के प्रथम हाफ में यानी 15 अक्टूबर तक करने की अनुमति दी गई थी।

अब केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े के लिए 15 लाख टन चीनी का कोटा नियत किया गया है। इस तरह चालू माह के लिए चीनी की बिक्री का कुल कोटा बढ़कर 28 लाख टन हो गया है जो एक नया रिकॉर्ड है।

ध्यान देने की बात है कि आमतौर पर देश में 21-22 लाख टन चीनी की औसत मासिक रिकॉर्ड है। ध्यान देने की बात है कि आमतौर पर देश में 21-22 लाख टन चीनी का औसत मासिक खपत होती है जबकि त्यौहारी सीजन के दौरान खपत में 1-2 लाख टन की बढ़ोत्तरी हो जाती है। इस बार सरकार ने चीनी के बाजार भाव को दबाने का जोरदार प्रयास किया है।

पिछले तीन महीनों से घरेलू बाजार में बेचने के लिए 25 लाख टन या इससे अधिक चीनी का मासिक फ्री सेल कोटा जारी किया जा रहा है और सरकार चाहती है कि इस कोटे की पूरी चीनी नियत समयावधि के दौरान बाजार में पहुंच जाए।

इसके फलस्वरूप उसने चीनी के व्यापारियों- स्टॉकिस्टों पर नजर रखनी शुरू कर दी है। लेकिन तमाम सरकारी प्रयासों के बावजूद चीनी के दाम में अपेक्षित गिरावट नहीं आ रही है।

सरकार की चिंता यह भी है कि  पांच राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना एवं मिजोरम में अगले महीने विधान सभा को चुनाव होने जा रहा है और इस अवधि में चीनी का भाव ऊंचा एवं तेज होना उसके लिए अनुकूल नहीं होगा। अक्टूबर के लिए मासिक फ्री सेल कोटा अवश्य ही बहुत विशाल है। अब देखना यह है कि चीनी के घरेलू बाजार मूल्य पर यह कितना असर डालता है।