ब्राजील में उत्पादन घटने की संभावना से चीनी का भाव सुधरा
22-Apr-2026 11:21 AM
न्यूयार्क। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में इस वर्ष एथनॉल निर्माण में गन्ना का अधिक उपयोग किए जाने की संभावना है जिससे चीनी के उत्पादन में गिरावट आ सकती है। ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है इसलिए वहां उत्पादन घटने पर बाजार में मजबूती आना स्वाभाविक ही है।
मई अनुबंध के लिए न्यूयार्क एक्सचेंज में पिछले दिन कच्ची चीनी के वायदा मूल्य में 0.01 सेंट (0.07 प्रतिशत) प्रति पौंड तथा लन्दन एक्सचेंज में अगस्त डिलीवरी के लिए सफेद चीनी के वायदा भाव में 4.90 डॉलर प्रति टन (1.17 प्रतिशत) की तेजी दर्ज की गई।
अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने ब्राजील में 2026-27 सीजन के दौरान 425 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया है जो 2025-26 सीजन के उत्पादन से 3 प्रतिशत कम है।
इसके अलावा चीनी के वैश्विक अधिशेष स्टॉक का अनुमान भी 14 लाख टन से घटाकर 8 लाख टन नियत किया गया है। एक अन्य विश्लेषक ने 2026-27 सीजन के लिए वैश्विक अधिशेष स्टॉक का अनुमान 34 लाख टन से घटाकर 11 लाख टन तथा 2025-26 सीजन के लिए 83 लाख टन से घटाकर 58 लाख टन निर्धारित किया है।
