बांग्ला देश में मक्का का आयात बढ़ने के संकेत

22-Apr-2026 12:21 PM

मीरपुर। बांग्ला देश में पशु आहार निर्माण (फीड) उद्योग का तेजी से विकास-विस्तार होने के कारण मक्का की मांग एवं खपत लगातार बढ़ती जा रही है। इसको पूरा करने के लिए वहां मक्का का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है और साथ ही साथ विदेशों से इसका आयात भी बढ़ाया जा रहा है।

बांग्ला देश पहले मक्का का अधिकांश आयात भारत से करता था लेकिन अब ब्राजील ने भारत का स्थान ले लिया है। इतना ही नहीं बल्कि बांग्ला देश में वर्ष 2018 के बाद पहली बार अमरीका से भी मक्का का आयात शुरू हो गया है। अमरीकी शर्तों के कारण ऐसा हो रहा है।

2025-26 के सीजन में बांग्ला देश के कुल मक्का आयात में अमरीकी माल की भागीदारी 11 प्रतिशत हो गई। लगभग 60 हजार टन अमरीकी मक्का से लदा जहाज जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में बांग्ला देश के चटगांव बंदरगाह पर पहुंचा था। इसके बाद दो और जहाजों में करीब एक लाख टन अमरीकी मक्का वहां पहुंच गया।

इस तरह कुल आयात 1.60 लाख टन हो गया। 2025-26 के सीजन में वहां कुल 18 लाख टन मक्का मुख्यतः भारत, ब्राजील एवं अमरीका से मंगाया गया। 2026-27 में आयात 17 लाख टन होने का अनुमान है।