ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन 1780 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंचने का अनुमान

02-Jan-2026 02:19 PM

रियो डी जेनरी। लैटिन अमरीकी देश-ब्राजील में बिजाई क्षेत्र में हुई वृद्धि तथा मौसम की अनुकूल स्थिति से फसल की औसत उपज दर में आने वाले सुधार को देखते हुए एक अग्रणी बाजार विश्लेषक फर्म ने 2025-26 सीजन के लिए सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 10 लाख टन बढ़ाकर 1780 लाख टन निर्धारित किया है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर है। ब्राजील के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य माटोग्रोसो में सोयाबीन की अगैती बिजाई वाली फसल की छिटपुट कटाई-तैयारी आरम्भ हो गई है और शुरुवाती चरण में उपज दर ऊंची देखी जा रही है। उधर सुदूर दक्षिणी राज्य-रियो ग्रैंड डो सूल में अच्छी बारिश होने से सोयाबीन फसल की हालत काफी सुधर गई है। आम तौर पर यह दक्षिणी प्रान्त माटो ग्रोसो एवं पराना के बाद सोयाबीन के उत्पादन में तीसरे नंबर रहता है लेकिन इस बार पराना को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है। 

पिछले सप्ताह ब्राजील के मध्य उत्तरी भाग तथा दक्षिणी क्षेत्र में हुई अच्छी वर्षा से सोयाबीन की फसल को काफी फायदा हुआ है। सर्वाधिक बारिश माटो ग्रोसो, सांतार कैटटींस तथा रियो ग्रैंड डो सूल प्रांतो में हुई है। आगे वर्षा का विस्तार मध्यवर्ती एवं दक्षिणी  इलाको तक होने की संभावना है। माटो ग्रोसो तथा पराना जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में कहीं-कहीं सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी आरम्भ हो गई है। राष्ट्रिय स्तर पर अभी 1 प्रतिशत से भी कम क्षेत्रफल में फसल की कटाई हुई है लेकिन मध्य जनवरी के बाद इसकी रफ्तार तेज होने की उम्मीद है जो कमोबेश अप्रैल तक जारी रहेगी। रिकॉर्ड उत्पादन होने पर ब्राजील में सोयाबीन का भाव कुछ नरम पड़ सकता है। चीन के आयातक वहां पहले से ही सक्रिय है और आगामी महीनो के शिपमेंट के लिए सोयाबीन के आयात सौदे कर रहे है। इसमें अमरीकी उत्पादकों -निर्यातकों की चिंता बढ़ गई है।