ब्राजील में गन्ना का उत्पादन 71 करोड़ टन पर पहुचने का अनुमान
04-May-2026 01:55 PM
साओ पाउलो। दुनिया में चीनी के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील में इस बार गन्ना की फसल काफी अच्छी स्थिति में है और सरकारी एजेंसी- कोनाब ने इसकी कुल पैदावार 2025-26 की तुलना में 2026-27 सीजन के दौरान 5.3 प्रतिशत बढ़कर 70.91 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जो 2023-24 सीजन के बाद अब तक का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादन होगा।
कोनाब की रिपोर्ट के अनुसार इस बार एक तो गन्ना की उपज दर में सुधार आने के आसार हैं और दूसरे, फसल की कटाई भी गत वर्ष से अधिक क्षेत्रफल में हो सकती है। राष्ट्रीय स्तर पर गन्ना की औसत उपज दर इस बार 3.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 77.753 टन प्रति हेक्टेयर पर पहुंच जाने की उम्मीद है। इसी तरह फसल का वास्तविक क्षेत्रफल 1.9 प्रतिशत बढ़कर 91 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान है जो अब तक का सबसे बड़ा रकबा होगा।
ब्राजील में लगभग 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन मध्य दक्षिणी क्षेत्र में होता है। इस क्षेत्र में गन्ना की पैदावार 6.8 प्रतिशत बढ़कर 45.91 करोड़ टन पर पहुंच सकती है। वहां फसल कटाई का क्षेत्रफल भी 2.1 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 57 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान है।
इसी तरह वहां गन्ना की औसत उपज दर 4.6 प्रतिशत बढ़कर 80.852 टन प्रति हेक्टेयर पर पहुंचने के आसार हैं। देश के मध्य पश्चिमी भाग में 20 लाख हेक्टेयर में गन्ना फसल की कटाई होने की संभावना है जबकि वहां इसकी औसत उपज दर 77.595 टन प्रति हेक्टेयर रह सकती है। ब्राजील में मिलर्स इस वर्ष चीनी के बजाए एथनॉल निर्माण में गन्ना का उपयोग बढ़ाने पर ज्यादा जोर दे सकते हैं।
