ब्राजील में 18 करोड़ टन से अधिक सोयाबीन के रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान
21-Jul-2026 01:42 PM
ब्रासीलिया। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील की सरकारी एजेंसी- कोनाब ने अपनी जुलाई रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के दौरान सोयाबीन का कुल घरेलू उत्पादन उछलकर 1805.60 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो जून के अनुमान से 3.10 लाख टन ज्यादा है।
कोनाब की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र 2.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 486.40 लाख हेक्टेयर (120 / लाख एकड़) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा और फसल की औसत उपज दर भी 2.5 प्रतिशत सुधरकर 3712 किलो प्रति हेक्टेयर 155.3 बुशेल प्रति एकड़ पर पहुंच गई। इसके फलस्वरूप सोयाबीन का सफल उत्पादन भी 2024-25 सीजन की तुलना में 90.80 लाख टन या 5.3 प्रतिशत बढ़कर 2025-26 के सीजन में 1805.60 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि वहां से विशाल मात्रा में सोया तेल एवं सोयामील का भी निर्यात होता है। भारत में ब्राजील से बड़े पैमाने पर सोयातेल का आयात किया जाता है जबकि चीन उसके सोयाबीन का सबसे बड़ा खरीदार है।
ब्राजील में 2025-26 के सोयाबीन फसल की कटाई मई में ही समाप्त हो गई थी। अभी वहां सोयाबीन मुक्त अवधि चल रही है जो कमोबेश 10-15 सितम्बर तक जारी रहेगी और सोयाबीन की नई बिजाई आरंभ हो जाएगी।
