बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने से सौंफ उत्पादन प्रभावित

05-Mar-2026 07:50 PM

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में इस वर्ष सौंफ की बिजाई में 16 प्रतिशत की कमी आने के कारण सौंफ की पैदावार भी घटने के समाचार है। उल्लेखनीय है कि सौंफ का उत्पादन गुजरात के अलावा राजस्थान में भी अच्छी मात्रा में होता है। इसके अलावा मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश में भी पैदावार होती है। 
बिजाई अनुमान 
हाल ही में अहमदाबाद में सम्पन्न हुए 10 वें स्पाईस मीट सेमीनार में फिस्स द्वारा जारी किए अनुमानों के अनुसार देश में इस वर्ष सौंफ की बिजाई 85960 हेक्टेयर पर की गई है जबकि गत वर्ष बिजाई 92200 हेक्टेयर पर हुई थी प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में इस वर्ष बिजाई 38.09 हजार हेक्टेयर पर हुई जबकि गत वर्ष बिजाई 45.28 हजार हेक्टेयर पर की गई थी। हालांकि राजस्थान में इस वर्ष बिजाई गत वर्ष के मुकाबले एक प्रतिशत बढ़कर 38.77 हजार हेक्टेयर पर हुई है। मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश में बिजाई का क्षेत्रफल गत वर्ष के 8.70 हजार के मुकाबले 9.10 हजार हेक्टेयर का रहा। 
उत्पादन 
चालू सीजन के दौरान देश में सौंफ का उत्पादन 1797614 बोरी (प्रत्येक बोरी 55 किलो) का माना गया है जबकि गत वर्ष उत्पादन 1868393 बोरी का रहा था। गुजरात में इस वर्ष उत्पादन 788901 बोरी (गत वर्ष 935298 बोरी) का होने के अनुमान है। जबकि राजस्थान में 828389 बोरी (गत वर्ष 786777 बोरी) के अलावा एमपी व उत्तर प्रदेश में 183324 बोरी (गत वर्ष 146318 बोरी) का माना जा रहा है। 
आवक
वर्तमान में गुजरात की प्रमुख मंडी ऊंझा में नए सौंफ की दैनिक आवक 6/7 हजार बोरी की हो रही है और क्वालिटीनुसार भाव 75/95 रुपए बोला जा रहा है। राजस्थान की मंडियों में आवक चालू माह के मध्य तक शुरू होने के समाचार है।
मंदा-तेजी
सूत्रों का कहना है कि हाल-फिलहाल सौंफ की कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है। क्योंकि आगामी दिनों में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर नए मालों की आवक का दबाव बनेगा। इसके अलावा बकाया स्टॉक भी पर्याप्त है। जिस कारण से अभी बाजार दबे रहेंगे। लोकल मांग के अलावा निर्यात व्यापार भी कम मात्रा में हो रहा है। जिस कारण से निर्यातक भाव भी घटकर 94/95 रुपए प्रति किलो पर आ गया है। जोकि गत दिनों 102/103 रुपए चल रहा था।
निर्यात 
चालू सीजन 2025-26 के प्रथम नौ माह में सौंफ का निर्यात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है और निर्यात में 61 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है आज भी 49 प्रतिशत घटी है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर- 2025 के दौरान सौंफ का निर्यात 26251 टन का किया गया। और निर्यात से प्राप्त आय 330.18 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-दिसम्बर- 2024 में निर्यात 67153 टन का रहा था और प्राप्त आय 647 करोड़ की हुई थी।