Home News

बेहतर उत्पादन के बावजूद यूक्रेन से मटर के निर्यात में बाधा

14-Oct-2026 02:53 PM

बेहतर उत्पादन के बावजूद यूक्रेन से मटर के निर्यात में बाधा

खारकीव। हालांकि चालू वर्ष के दौरान यूक्रेन में मटर का शानदार उत्पादन हुआ है और वहां इसका भारी-भरकम निर्यात योग्य स्टॉक भी मौजूद है लेकिन वैश्विक बाजार में कनाडा एवं रूस जैसे देशों की कठिन प्रतिस्पर्धा तथा शिपमेंट में पड़ रही बाधा से उत्पादकों एवं निर्यातकों को भारी कठिनाई हो रही है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार रूस के भीषण हमले के कारण न केवल काला सागर क्षेत्र में अवस्थित यूक्रेनी बंदरगाहों और खासकर ओडेसा से मटर का निर्यात शिपमेंट लगभग ठप्प पड़ गया है बल्कि देश के आंतरिक भाग में भी सप्लाई लाइन बिखड़ती जा रही है।

परिवहन खर्च में भारी बढ़ोत्तरी होने से यूक्रेनी मटर की प्रतिस्पर्धी क्षमता काफी घट गई है। यूरोपीय संघ एवं खाड़ी क्षेत्र (पश्चिम एशिया) के देशों में यूक्रेन से मटर का निर्यात बेहद धीमा हो गया है। काला सागर का जलमार्ग असुरक्षित हो गया है।

समीक्षकों का कहना है कि जब तक परिवहन खर्च में कमी नहीं आएगी तब तक मटर का निर्यात प्रदर्शन कमजोर बना रहेगा और भारत सहित अन्य एशियाई बाजारों में यूक्रेनी मटर की पहुंच में अनिश्चितता बनी रहेगी। यूक्रेन के किसानों को अपनी मटर का लाभप्रद मूल्य प्राप्त नहीं हो रहा हैं न ही उसे अपने स्टॉक की बिक्री में ज्यादा सफलता मिल रही है।