बेहतर भाव मिलने से सोयाबीन की बिक्री में ब्राजील के किसानों की दिलचस्पी बढ़ी

22-Jan-2025 08:14 PM

पराना गुआ । दुनिया के सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक एवं निर्यातक देश ब्राजील में इस महत्वपूर्ण तिलहन की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है जबकि मुद्रा की विनिमय दर आकर्षक रहने एवं लाभप्रद वापसी हासिल होने के कारण ब्राजील के किसान अपनी उस सोयाबीन फसल की अग्रिम बिक्री का अनुबंध तेजी से कर रहे हैं जो अभी खेतों में ही खड़ी है।

किसानों द्वारा चालू सीजन में अभी तक 608 लाख टन से अधिक सोयाबीन की बिक्री का अनुबंध किया जा चुका है जो पूरे सीजन के लिए कुल अनुमानित उत्पादन का 35 प्रतिशत है। 

2024-25 के वर्तमान सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का कुल उत्पादन तेजी से उछलकर 1700 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है जिससे वहां इसके निर्यात योग्य स्टॉक में जोरदार बढ़ोत्तरी होगी। ब्राजील के निर्यातकों को उम्मीद है कि इस वर्ष सोयाबीन के निर्यात में शानदार बढ़ोत्तरी हो सकती है।

हालांकि सबसे प्रमुख खरीदार देश-चीन के आयातक फिलहाल ब्राजील से सोयाबीन खरीदने में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं मगर आगामी समय में उसकी सक्रियता बढ़ने की प्रबल संभावना है। 

वर्ष 2024 के दौरान ब्राजील से चीन को रिकॉर्ड मात्रा में सोयाबीन का निर्यात किया गया था लेकिन अंतिम महीनों में इसकी गति कुछ धीमी पड़ गई थी।

चीन सरकार फिलहाल अमरीका की व्यापारिक नीति का इंतजार कर रही है। समझा जाता है कि मध्य फरवरी तक एक तरफ अमरिकी नीति स्पष्ट हो जाएगी तो दूसरी ओर ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी की रफ्तार बढ़ जाएगी। इसके बाद निर्यात कारोबार तेजी से बढ़ने लगेगा।

अमरीकी डॉलर की विनिमय दर के आधार पर ब्राजील के रियाल में बदलाव हो जाता है। डॉलर में 10 सेंट की मजबूती आने से ब्राजील में सोयाबीन का दाम 5 रियाल प्रति बोरी बढ़ जाता है।