भारतीय कृषि क्षेत्र का प्रदर्शन शानदार होने का दावा

28-May-2026 08:26 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय का कहना है कि 2025-26 के पूरे मार्केटिंग सीजन के लिए विभिन्न फसलों का जो तीसरा अग्रिम उत्पादन अनुमान जारी किया गया है उससे भारतीय कृषि क्षेत्र की मजबूत स्थिति का स्पष्ट संकेत मिलता है।

गेहूं चावल एवं मक्का का उत्पादन तेजी से उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने से खाद्यान्न का सकल उत्पादन भी बढ़कर 37.656 करोड़ टन के ऐतिहासिक शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने खाद्यान्न का रिकॉर्ड उत्पादन करने के लिए भारतीय किसानों को बधाई दी है। उनका कहना है कि केन्द्र सरकार प्रत्येक मोर्चे पर किसानों के साथ है और किसानों की भलाई एवं खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

कृषि मंत्री के मुताबिक सिर्फ चावल गेहूं एवं मक्का का ही उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर नहीं पहुंचा है बल्कि कई अन्य फसलों का उत्पादन भी शानदार हुआ है। यद्यपि तुवर, सोयाबीन, कपास एवं पोषक अनाजों के उत्पादन में गिरावट आने की आशंका है लेकिन इसके बावजूद दलहन, तिलहन एवं मोटे अनाजों का कुल उत्पादन गत वर्ष से बेहतर हुआ है।