भारत से करीब 25 हजार टन चावल की खेप चटगांव बंदरगाह पर पहुंची
26-Dec-2024 04:09 PM
हैदराबाद । आंध्र प्रदेश के काकीनाडा बंदरगाह से 24,690 टन चावल से लदा एक जहाज पिछले दिन बांग्ला देश के चटगांव बंदरगाह पर पहुंच गया।
MV TANAIS DREAM नामक इस जहाज पर 24,690 टन सेला चावल लदा हुआ था जो कुछ दिन पूर्व काकीनाडा बंदरगाह से रवाना हुआ था और 25 दिसम्बर को अपराह्न 3.00 बजे बांग्ला देश के चटगांव बंदरगाह पर पहुंच गया।
यह खेप उस 50,000 टन चावल के आयात का हिस्सा है जिसके लिए बांग्ला देश की सरकारी एजेंसी ने अन्तर्राष्ट्रीय टेंडर जारी किया था और भारतीय फर्म को आपूर्ति का ऑर्डर दिया था।
चटगांव बंदरगाह पर पहुंचे इस जहाज से अब चावल के स्टॉक को नीचे उतारने की प्रक्रिया आरंभ होगी क्योंकि टेंडर की शर्तों में यह भी शामिल थी।
शेष बचे चावल की दूसरी खेप जनवरी के पहले सप्ताह में भारत से रवाना होने की संभावना है। बांग्ला देश के दो बंदरगाहों- चटगांव एवं मोंगला पर चावल पहुंचाने की शर्त रखी गई थी। नया टेंडर भी जारी हो चुका है।
