भारत से 2450 टन चावल की खेप बांग्ला देश के दर्शना लैंड पोर्ट पर पहुंची
16-Jan-2025 10:55 AM
ढाका । भारत से आयातित 2450 टन चावल की एक खेप चुआडांगा के दर्शना लैंड पोर्ट के जरिए बांग्ला देश पहुंच गई है। यह चावल भारत से टेल मार्ग के जरिए भेजा गया था।
वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भारत के गेड़े पोर्ट से 42 रेलवेगनों (डिब्बों) में भेजा गया यह चावल 14 जनवरी 2025 की रात करीब 9 बजे दर्शना पोर्ट के परिसर में पहुंच गया।
दर्शना पोर्ट पर स्थित सी एंड एफ एजेंट्स एसोसिएशन के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा है कि ढाका के पुराना पलटन क्षेत्र में अवस्थित एक कम्पनी द्वारा यह चावल भारत से मंगाया गया है और इस चावल का इनवायस मूल्य 490 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है। इस चावल का निर्यात कोलकाता की एक फर्म द्वारा किया गया है।
दर्शना इंटरनेशनल रेलवे स्टेशन के प्रबंधन ने कहा है कि कस्टम जांच-पड़ताल एवं क्लीयरेंस का काम पूरा होने के बाद इस चावल की बुकिंग इशवार्दी अथवा सिराज गंज को डिलीवरी के लिए किया जाएगा।
वहां से आयातक फर्म ट्रकों के माध्यम से इस चावल को अपने ठिकाने तक ले जाएगी और तब यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बांग्ला देश भारत से कुल 1.59 लाख टन चावल का आयात रेलवे के माध्यम से करने वाला है और यह उसकी पहली खेप है जो दर्शना पोर्ट पर पहुंची है। इसका मतलब यह है कि आगे भी भारत से चावल का निर्यात वहां जारी रहेगा।
इसके अलावा बांग्ला देश में भारत से सड़क मार्ग तथा समुद्री मार्ग से भी भारी मात्रा में सेला चावल मंगाया जा रहा है। वहां सरकारी स्तर पर भी चावल मंगाया जा रहा है जबकि प्राइवेट व्यापारियों को इसके आयात की अनुमति पहले ही दी जा चुकी है।
बांग्ला देश में उत्पादन घटने की आशंका से चावल का भाव ऊंचा एवं तेज होने लगा है जिससे इसके भारी आयात की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
