भारी वर्षा एवं बाढ़ से मलेशिया में पाम तेल का उत्पादन प्रभावित

31-Dec-2024 08:14 PM

कुआलालम्पुर । मलेशिया में लगातार चौथे माह दिसम्बर 2024 में पाम तेल का उत्पादन घटने की संभावना है क्योंकि दुनिया के इस दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश में मूसलाधार बारिश होने तथा बागानों में पानी भर जाने से ऑयल पाम की तुड़ाई-तैयारी ढुलाई तथा क्रशिंग प्रभावित हो रही है।

मलेशिया में उत्पादन कम होने पर पाम तेल के सुरक्षित बकाया स्टॉक में गिरावट आएगी और इसके बेंचमार्क वायदा मूल्य में तेजी आने की संभावना बढ़ जाएगी।

इससे निर्यात पर असर पड़ सकता है क्योंकि वहां पाम तेल का वायदा भाव पहले से ही पिछले लगभग ढाई वर्ष के शीर्ष स्तर पर चल रहा है। 

सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) के महानिदेशक ने कहा है कि सामान्य परिस्थितियों में क्रूड पाम तेल के उत्पादन में 5 से 8 प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है।

लेकिन यदि भयंकर बाढ़ का प्रकोप बरकरार रहा (जो अभी तक मौजूद है) तो पाम तेल का उत्पादन 10 से 20 प्रतिशत तक घट सकता है।

मलेशिया के प्रायद्वीपीय क्षेत्र और खासकर पूर्वोत्तर तट के इलाकों में तथा थाईलैंड के दक्षिणी भाग में बाढ़ का गंभीर प्रकोप बरकरार है।

इस मूसलाधार वर्षा एवं बाढ़ में दर्जनों लोग मारे जा चुके हैं और मकानों, पुलों, यातायात के साधनों तथा बुनियादी ढांचागत सुविधाओं के साथ-साथ हजारों एकड़ में धान की फसल भी क्षतिग्रस्त हो गई है।